यमुनानगर में युवती से दुष्कर्म: शादी का झांसा देकर युवक ने 5 साल तक बनाए संबंध, अब शादी से किया इनकार 

यमुनानगर में युवक ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ करीब पांच साल तक दुष्कर्म किया। अब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया।

Updated On 2024-10-17 18:12:00 IST
यमुनानगर में युवती से दुष्कर्म। 

यमुनानगर: छछरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ पांच वर्ष तक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने युवती से शादी करने से मना कर दिया। युवती ने आरोपी युवक के तीन रिश्तेदारों पर भी उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करवाने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी युवक व उसके तीन रिश्तेदारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

2019 में आरोपी से हुई थी जान पहचान

छछरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 2019 से पंकज नामक युवक के साथ जान पहचान थी। इसके बाद आरोपी उससे फोन पर बात करने लगा, जिससे उनकी दोस्ती बढ़ गई। आरोपी उसे शादी करने के लिए कहने लगा। इसके बाद आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया। जब वह आरोपी से मिलने के लिए गई तो आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी लगातार उसे शादी का झांसा देकर करीब पांच साल तक संबंध बनाता रहा।

शादी करने से किया इनकार

पीड़िता ने बताया कि जब उसने आरोपी को शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने उसे शादी करने से मना कर दिया। उसने आरोपी युवक के जीजा प्रदीप कुमार, बुआ ममता व फूफा सतपाल से बात की तो आरोपियों ने भी उनकी शादी करवाने का झांसा दिया। मगर बाद में आरोपियों ने शादी करवाने से मना कर दिया। पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

Similar News