यमुनानगर में प्रकृति का कहर: 66 केवी तार टूट कर मकान पर गिरी, महिला झुलसी, इलेक्ट्रॉनिक सामान जला

यमुनानगर में 66केवी की तार टूटकर एक मकान की छत पर गिर गई, जिससे एक महिला झुलस गई। साथ ही अन्य घरों में करंट के कारण बिजली का सामान जलकर राख हो गया।

Updated On 2024-08-30 19:48:00 IST

यमुनानगर: शहर की जोगिंदर नगर कॉलोनी में घरों के ऊपर से गुजर रही 66 केवी तार शुक्रवार को अचानक टूट कर एक मकान के ऊपर गिरी, जिससे आसपास के घरों में करंट आ गया। करंट लगने से एक महिला झुलस गई, जबकि एक घर में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया। गुस्साए लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान निगम के एक्सईएन सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया।

शहर के बीच से गुजर रही लाइन

जानकारी अनुसार शहर के बीचों-बीच 66 केवी की लाइन गुजर रही है, जिसकी तार जर्जर हो चुकी है। कॉलोनी वासियों ने कई बार तार बदलने की मांग को लेकर अधिकारियों से बात की, मगर अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को अचानक जोगिंदर नगर के ऊपर से गुजर रहे 66 केवी की तार टूटकर मकान पर गिरी, जिससे आसपास के घरों में करंट आ गया। एक महिला करंट लगने से झुलस गई। इस दौरान मंजू रानी के घर में इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। साथ ही कॉलोनी में घरों के बाहर लगे दर्जनों बिजली के मीटर जल गए।

जर्जर हो चुकी है तारें

कॉलोनी वासियों ने बताया कि कॉलोनी में 66 केवी हाइटेंशन तार के लोहे के पोल गलियों के बीचों बीच लगे हुए हैं। यह हाइटेंशन तारें कई दशक पुरानी हैं, जो अब जर्जर हो चुकी हैं। कई बार तार को बदलने के लिए बिजली निगम को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। कभी कभार अधिकारी आते हैं और तार देख कर चले जाते हैं। लोगों ने मांग की कि बिजली निगम की लापरवाही से उनका जो नुकसान हुआ है, उसका उन्हें मुआवजा दिया जाए।

Similar News