रेवाड़ी में हैवान पति: पत्नी को फरसे मारकर किया लहूलुहान, 6 घंटे बाद सुबह पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

हरियाणा के रेवाड़ी में हैवान बने एक पति ने अपनी पत्नी पर फरसे से हमला कर दिया। रातभर पत्नी लहूलुहान हालत में तड़पती रही। सुबह पुलिस को सूचना मिली तो उन्होंने अस्पताल में पहुंचाया।

Updated On 2025-07-18 18:45:00 IST

रेवाड़ी के अस्पताल में उपचाराधीन घायल पत्नी। 

रेवाड़ी में हैवान पति : हरियाणा के रेवाड़ी के विजय नगर में वीरवार रात एक महिला पर उसके पति ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद रात भर महिला दर्द से तड़पती रही। सुबह पड़ोस के युवक की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया।

रात को हमला, सुबह पड़ोसी को दी सूचना

रामसिंहपुरा निवासी मनीष कुमार अपनी पत्नी व डेढ़ साल की बच्ची के साथ विजय नगर में किराए के मकान में रह रहा है। रात को पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने अपनी पत्नी 25 वर्षीय महक उर्फ आलिया पर फरसे से हमला कर दिया। उसके शरीर पर कई जगह वार किए गए हैं। हमले में महक गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बावजूद मनीष ने अपनी पत्नी को अस्पताल तक नहीं पहुंचाया। उसके शरीर से लगातार खून बहता रहा। शुक्रवार सुबह महक किसी तरह हिम्मत जुटाकर कमरे से बाहर निकली। उसने पड़ोस में किराए के मकान में रहने वाले बिहार के एक युवक को घटना के बारे में बताया। युवक ने इसकी सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी।

पुलिस को बेसुध हालत में मिली महिला

पुलिस के अनुसार महक पर हमला रात को लगभग 2:30 बजे किया गया, जबकि पुलिस को सूचना सुबह लगभग साढ़े 8 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी मौके पर पहुंची तो महक ज्यादा खून बहने के कारण बेसुध हो चुकी थी। पुलिस ने उसे उठाकर तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी मनीष को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मॉडल टाउन थाने में केस दर्ज किया गया है। एसएचओ सीमा ने बताया कि महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Tags:    

Similar News