Punjab flood update: हरियाणवियों ने खोला पंजाब के लिए दिल, कई गांवों में जुटाई मदद

पंजाब में बाढ़ के हालात को देखते हुए हरियाणवियों ने दिल खोलकर मदद करना शुरू कर दिया है। कई गांवों में राहत सामग्री जुटाई जा रही है। हरियाणा सरकार भी मदद की पेशकश कर चुकी है।

Updated On 2025-09-01 21:15:00 IST

पंजाब में बने बाढ़ के हालात के चलते मदद के लिए जींद के करसिंधु गांव में जुटाया जा रहा अनाज।

punjab flood update : पंजाब में भयानक बाढ़ की वजह से वहां हालात विकट बने हुए हैं। 1300 गांव पानी में डूबे हुए हैं और लाखों एकड़ फसल बर्बाद है। ऐसे में अपने पड़ोसी राज्य की मदद करने के लिए इंसानियत के नाते हरियाणा के गांव उमड़ पड़े हैं। कई गांवों में पंजाब के लिए राहत सामग्री जुटाई जा रही है।

जींद के करसिंधु गांव ने जुटाया सामान

पंजाब में इस संकट की घड़ी में ग्रामीण भाईचारे और इंसानियत की मिसाल पेश कर रहे हैं। जींद के करसिंधु गांव में युवाओं, ग्रामीणों व महिलाओं ने टीम बनाकर मोहल्लों में जाकर खाद्य सामग्री एकत्रित करने को लेकर अभियान चलाया। आटा, गेहूं, चीनी, तेल, कपड़ा, रसोई की सामग्री एकत्रित की। युवा विनोद, सुभाष, अंकित, सुरेंद्र, मीनू, रामनिवास, संदीप, धोला, मेवा, भीरा ने कहा कि मुसीबत का पता नहीं होता कब कहां आ जाए। रविवार को पूरे गांव में सामग्री एकत्रित किए जाने को लेकर चौकीदार से मुनादी करवाई थी। सोमवार को अलग-अलग मोहल्लों में जाकर खाद्य सामग्री कपड़ा सहित अन्य सामान एकत्रित किया। हर ग्रामीण ने कुछ न कुछ मदद की। किसी ने सरसों का तेल दिया तो किसी ने गेहूं, आटा, चीनी, कपड़े, हल्दी सहित अन्य सामान। गांव से एकत्रित किया गया सामान ट्रैक्टर ट्राली में लेकर गुरदासपुर जाएंगे। हमारा फर्ज बनता है कि इस घड़ी में जितना हो सकें सहयोग करें।

सोनीपत से भेजी बाढ़ पीड़ितों के लिए सामग्री

भारी बारिश और बाढ़ से जूझ रहे जम्मू, हिमाचल और पंजाब के पीड़ितों की मदद के लिए सोनीपत की सामाजिक संस्थाओं ने राहत सामग्री भेजी है। सेफ इंडिया फाउंडेशन, मानव अधिकार संरक्षण संघ, सक्षम सोनीपत और रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत एक्सीलेंस ने संयुक्त रूप से यह पहल की। सेफ इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन वाईके त्यागी और प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि 100 परिवारों के लिए 100 राहत किट तैयार की गई। प्रत्येक किट में आटा, चावल, दाल, सरसों तेल, नमक, हल्दी, गर्म मसाला, मिर्च व कटोरी आदि आवश्यक सामग्री शामिल की गई है। इन किट्स को ग्लोबल सिख्स संस्था सोनीपत को सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारे में सौंपा गया। इस अवसर पर ग्लोबल सिख्स संस्था से गुरप्रीत सिंह, जसकरण सिंह, हरमीत सिंह, जसमीत सिंह, गुनीत सिंह, वंशिका, शैन अरोड़ा, मानव अधिकार संरक्षण संघ के प्रधान जयबीर गहलावत, जगबीर आंतिल और सब इंस्पेक्टर जगत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : हरियाणा में भारी बारिश व बाढ़ का अलर्ट, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

जींद के उझाना में भी जुटाया गया अनाज

जींद जिले के उझाना गांव में भी पंजाब की मदद के लिए गेहूं इकट्ठा किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि यहां से 160 क्विंटल से भी ज्यादा गेहूं ग्रामीण इकट्ठा करेंगे। बताया जा रहा है कि यह गेहूं पंजाब के कपूरथला के गुरुद्वारे में दिया जाएगा। वहां से जरूरतमंदों की मदद के लिए इसका उपयोग होगा। वहीं, रोहतक के मदीना गांव में भी पंजाब के मदद के लिए सामग्री जुटाई जा रही है।

सीएम सैनी कर चुके मदद की पेशकश

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने भी पंजाब के सीएम भगवंत मान को पत्र लिखकर मदद की पेशकश की है। सैनी ने पत्र में कहा है कि पंजाब को हरियाणा से किसी भी तरह की मदद की जरूरत हो तो निसंकोच होकर बताए। पंजाब की मदद के लिए हरियाणा हमेशा तैयार रहेगा। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News