haryana flood update: हरियाणा में भारी बारिश व बाढ़ का अलर्ट, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

हरियाणा में बाढ़ जैसे हालात बनने पर अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने का आया पत्र।
haryana flood update : हरियाणा सरकार ने प्रदेश में भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में प्रदेशभर में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका भी जताई गई है। इसी के मद्देनज़र हरियाणा सरकार ने अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।
5 सितम्बर तक रहना होगा अलर्ट
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि सभी डिविजनल कमिश्नर, रेंज आईजी/एडीजीपी, डिप्टी कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को अपने-अपने मुख्यालय पर अनिवार्य रूप से तैनात रहना होगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 5 सितंबर 2025 तक हालात पर कड़ी निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव ही पास करेंगे छुट्टी
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को सामान्य छुट्टी नहीं दी जाएगी। केवल वही छुट्टियां स्वीकृत होंगी जिन्हें मुख्य सचिव हरियाणा या गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की मंजूरी प्राप्त होगी। सरकार का यह निर्णय प्रदेशभर में आम जनता की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
कई जिलों में भरा है बरसात का पानी
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के चलते प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बरतते हुए राहत और बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, जींद, रोहतक आदि जिलों में कई सौ एकड़ खेतों में पानी भरा हुआ है।
सीएम भी रद्द कर चुके हैं UAE का दौरा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी 2 से 5 सितंबर तक UAE के महत्वपूर्ण दौरे पर जाना था। वहां ग्लोबल सिटी को लेकर वार्ता की जानी थी। लेकिन प्रदेश में बारिश की वजह से बन रहे बाढ़ के हालातों को देखते हुए उन्होंने अपना यह दौरा रद्द कर दिया। अब मुख्यमंत्री यूएई नहीं जाएंगे।
कई नदियां उफान पर, अलर्ट जारी
हथिनीकुंड बैराज में जलस्तर 3 लाख 29 हजार क्यूसेक पहुंचने के बाद सभी फ्लड गेट खोलकर बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया। प्रशासन ने यमुना नदी से दूर रहने की चेतावनी जारी की। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और फरीदाबाद में अलर्ट है। वहीं, अन्य नदियों मारकंडा, घग्गर व टांगरी आदि में भी जलस्तर ज्यादा बना हुआ है। कैथल में भी प्रशासन मुस्तैद है। हिसार में कई नहरों के तटबंध टूटने से खेतों में पानी घुस चुका है।
हरियाणा में अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
हरियाणा में 2 सितंबर को कई जिलों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में यलो अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। शेष जिलों में भी अधिकतर हिस्सों में बारिश के आसार हैं। वहीं, 3 सितंबर से मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है, जिससे पूरे प्रदेश में बारिश में कमी देखने को मिलेगी और केवल कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हथनीकुंड बैराज के सभी गेट खोले, दिल्ली को भी अलर्ट किया
