Haryana Roadways Buses: हरियाणा रोडवेज बसों पर दिखेगा नया स्लोगन, अनिल विज ने क्यों लिया ये फैसला ?
Haryana Roadways Buses: हरियाणा रोडवेज बसों पर अब 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के साथ एक नया स्लोगन लगाया जाएगा। परिवहन आयुक्त ने परिवहन अधिकारियों को इससे संबंधित आदेश का पालन करने का निर्देश दिया है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने भी इसे लेकर निर्देश जारी कर दिया है।
परिवहन मंत्री अनिल विज।
Haryana Roadways Buses: हरियाणा रोडवेज की बसों पर अक्सर 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का स्लोगन दिखता है, लेकिन अब इस स्लोगन के साथ लोगों को 'जानवरों पर दया करो' का संदेश भी देखने को मिलेगा। इसके अलावा सहकारी परिवहन समितियों और प्राइवेट बस संचालकों को भी जीवों को बचाने के लिए प्रेरित करता स्लोगन लिखना होगा। यह फैसला पशुओं के प्रति दयाभाव बढ़ाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। राज्य सरकार ने सभी सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट पर पशु कल्याण से जुड़ा संदेश लिखना अनिवार्य कर दिया है।
हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी होगा स्लोगन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवहन आयुक्त ने सभी जिला परिवहन अधिकारियों और सह क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण सचिवों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि स्लोगन की न्यूनतम ऊंचाई 150 मिलीमीटर (MM) होनी चाहिए। ताकि लोग आसानी से पढ़ सकें। स्लोगन को ऐसी जगह पर लगाया जाना चाहिए, जहां से वह सभी को दिखाई दे। स्लोगन का रंग ऐसा होना चाहिए, जो बस के रंग से मिलता-जुलता ना हो। स्लोगन स्पष्ट रूप से दिखना चाहिए। इसे पेंट या स्टीकर के रूप में भी लगाया जा सकता है। यह स्लोगन हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी लिखा जाएगा।
राजमार्ग मंत्रालय ने किया था अनुरोध
बता दें कि 25 फरवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों के परिवहन आयुक्तों और प्रधान सचिवों को पशुओं के प्रति दयाभाव रखने और उनका ख्याल रखने के लिए स्लोगन की मदद लेने के लिए लिखित अनुरोध भेजा गया था। इसमें कहा गया था कि हाल के वर्षों में इंसान और जानवरों के बीच संघर्ष के कई मामले सामने आए हैं। खासतौर से जंगली क्षेत्रों में जीवों को लेकर जागरूकता ज्यादा जरूरी है। ऐसे में वाहनों पर स्लोगन के जरिए लोगों को जानवरों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सकता है।
अनिल विज ने भी दिए निर्देश
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मेनका गांधी ने भी हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज को इसे लेकर एक लेटर लिखा था। जिसके बाद अनिल विज ने परिवहन अधिकारियों को केंद्र सरकार के आदेश को सख्ती से लागू कराने का निर्देश जारी कर दिया। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से लोगों में पशु कल्याण को लेकर जागरुकता बढ़ेगी। सड़क पर बेसहारा और घरेलू जानवरों के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा मिलेगा।