हरियाणा CMO में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर अब 21 की जगह 16 विभाग देखेंगे, राज नेहरू की ओएसडी के रूप में एंट्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय में कई दिनों की चर्चा के बाद आखिरकार सोमवार को अधिकारियों के बीच नए सिरे से विभागों का बंटवारा कर दिया गया। चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी से कुछ विभागों की जिम्मेदारी वापस ली गई है। जानें किस अधिकारी को कौन सा विभाग मिला है।
हरियाणा CMO में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक पुनर्गठन हुआ। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अगुवाई में विभागों का नया बंटवारा किया गया है। इस बदलाव के तहत चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर के अधीन रहे विभागों की संख्या घटाई गई है, जबकि मुख्यमंत्री के कार्यालय में राज नेहरू को नया ओएसडी नियुक्त किया गया है। अब CMO में दो ओएसडी कार्यरत होंगे।
राजेश खुल्लर की जिम्मेदारियों में कटौती, फिर भी CMO के प्रमुख प्रभारी
लंबे समय से CMO में कार्यरत रिटायर्ड IAS अधिकारी राजेश खुल्लर राज्य के सबसे प्रभावशाली नौकरशाहों में गिने जाते हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल से ही चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं और नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी इस पद पर कायम हैं। अब तक खुल्लर 21 विभागों का प्रभार संभाल रहे थे, लेकिन 2 जून को जारी किए गए नए विभागीय बंटवारे के अनुसार अब उनके पास 16 विभाग रहेंगे। इनमें न्याय प्रशासन, वित्त, आयुष, ऊर्जा, आबकारी एवं कराधान, स्वास्थ्य, उद्योग, होम, सिंचाई, विधि, चिकित्सा शिक्षा, सूचना, संस्कृति, सामान्य प्रशासन, योजना और कार्मिक शामिल हैं। इसके अलावा वे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े सभी मामलों जैसे विधायी कार्य, अध्यादेशों और मंत्रिपरिषद प्रस्तावों का भी संपूर्ण दायित्व संभालते रहेंगे।
ओएसडी के रूप में राज नेहरू की वापसी, विवेक कालिया के साथ-साथ संभालेंगे जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री कार्यालय में अब एक और बड़ा बदलाव हुआ है। राज नेहरू को ओएसडी नियुक्त किया गया है। अब तक HCS अधिकारी विवेक कालिया अकेले इस पद पर कार्यरत थे, लेकिन अब वे और राज नेहरू दोनों मिलकर कार्यभार संभालेंगे। राज नेहरू को हायर एजुकेशन, यूथ इम्पावरमेंट और आंत्रप्रन्योरशिप जैसे तीन विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। कौशल शिक्षा के क्षेत्र में उनका अनुभव खासा लंबा रहा है। वे श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के पहले कुलपति भी रह चुके हैं और खट्टर सरकार के दौरान भी मजबूत भूमिका में रहे थे।
IAS अरुण कुमार को मिले 11 विभाग
IAS अरुण कुमार गुप्ता को इस नए बंटवारे में कुल 11 विभागों का प्रभार सौंपा गया है। इनमें सिविल एविएशन, जेल, ट्रांसपोर्ट, फूड और सिविल सप्लाई, पर्यावरण, वन एवं वाइल्डलाइफ, अर्बन लोकल बॉडीज, सोशल जस्टिस, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण, पब्लिक वर्क्स और मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभाग शामिल हैं।
साकेत कुमार देखेंगे कृषि और ग्रामीण विकास
IAS साकेत कुमार को 9 विभागों की जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी, पंचायती विकास, सैनिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, विदेशी मामले और हाउसिंग फॉर ऑल शामिल हैं। IAS यशपाल को 8 विभाग मिले हैं, जिनमें स्कूल एजुकेशन, खेल, श्रम, पुरातत्व एवं पर्यटन, प्रिंटिंग व स्टेशनरी, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग और सरस्वती हेरिटेज बोर्ड शामिल हैं।
HCS अधिकारियों को भी जिम्मेदारी
HCS अधिकारी विवेक कालिया को जनसंवाद और सीएम विंडो की जिम्मेदारी दी गई है। सुधांशु गौतम को 6 विभाग मिले हैं, जैसे कि सरकारी आवास, मुख्यमंत्री राहत कोष, वक्फ बोर्ड, HRDF, ऑनलाइन ट्रांसफर नीति और सीएम घोषणाएं। वहीं, राकेश संधु को सीएम विंडो और शिकायत निवारण से जुड़े कार्य दिए गए हैं।