पार्षदों ने विरोध स्वरूप करवाया मुंडन: व्यापारियों के समर्थन से 4 अगस्त को बंद रहेगा बाजार, धरने पर चेतन राव की बिगड़ी तबीयत 

महेंद्रगढ़ में विकास कार्यों को लेकर धरने पर बैठे पार्षद प्रतिनिधि चेतन यादव की भूख हड़ताल के दौरान तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने रोष स्वरूप अपना मुंडन भी करवाया।

Updated On 2024-08-02 21:59:00 IST
नगर पालिका कार्यालय में मुंडन करवाता पार्षद प्रतिनिधि चेतन यादव।  

Mahendragarh: नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार को पार्षदों ने शहर के व्यापारियों, सामाजिक व राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में पार्षदों ने सभी यूनियनों के समक्ष चार अगस्त को बाजार बंद रखने के लिए प्रस्ताव रखा। जिस पर सभी व्यापारियों ने अपनी सहमति जताई। शहर के व्यापारियों का कहना है कि 4 अगस्त को होने वाले बाजार बंद में वह अपना पूरा सहयोग करेंगे। इससे लोगों को भी कॉफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

विकाय कार्यों को लेकर धरने पर बैठे हैं पार्षद

बता दें कि शहर के सभी पार्षदों की ओर से शहर में विकास कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर 29 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है। वहीं वार्ड नंबर दो पार्षद प्रतिनिधि चेतन यादव की ओर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जा रही है। धरने के पांच दिन बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन के किसी भी अधिकारी की ओर से पार्षदों की सुध नहीं ली गई। इसको लेकर शहर के पार्षदों में काफी रोष हैं। नगर पालिका के प्रधान रमेश सैनी का कहना है कि नगरपालिका को दो साल का समय पूरा हो चुका है, लेकिन धरातल पर शहर में आज तक कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ। नगरपालिका में जो भी अधिकारी ओर कर्मचारी लगे हुए हैं, उनकी शहर में विकास कार्य करने की कोई मंशा नहीं है।

पार्षद प्रतिनिधि की बिगड़ी तबीयत

वार्ड नंबर दो के पार्षद प्रतिनिधि चेतन यादव पांचवें दिन भी भूख हड़ताल पर रहे। चेतन यादव ने नगर पालिका के अधिकारियों के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए अपना मुंडन भी कराया। वहीं शुक्रवार की सुबह 10 बजे उनकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद टीम ने बताया कि पार्षद प्रतिनिधि का 10 किलो वजन कम हो गया है। वहीं लगातार पांच दिन से भूखा रहने के लिए उनके लीवर पर प्रभाव पड़ा है।

पार्षद देवेंद्र सैनी ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

पार्षद प्रतिनिधि चेतन यादव के सर्मथन में शहर के वार्ड नंबर 9 के पार्षद देवेंद सैनी ने भी भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब तक शहर में विकास कार्य शुरू नहीं हो जाते, उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। वहीं शुक्रवार को शहर के वार्ड नंबर 15 के पार्षद सुनील तायल व वार्ड नंबर 11 के पार्षद प्रतिनिधि हरिराम खन्ना भी एकदिवसीय भूख हड़ताल पर रहे। भूख हड़ताल पर बैठे पार्षदों के समर्थन में शनिवार से दो पार्षद प्रतिदिन एक दिवसीय भूख हड़ताल पर रहेंगे।

Similar News