Manohar Lal Khattar: 'डंकी रूट से ना जाएं विदेश...,' केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की युवाओं से अपील

Manohar Lal Khattar: केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने करनाल में अमेरिका से डिपोर्ट हुए भारतीयों को लेकर प्रतिक्रिया दी है।

Updated On 2025-10-27 17:50:00 IST

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर। 

Manohar Lal Khattar: केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर सोमवार, 27 अक्टूबर को करनाल दौरे पर थे। उन्होंने छठ महापर्व को लेकर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बात करते हुए खट्टर ने अमेरिका से डिपोर्ट हुए हरियाणा के 50 लोगों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विदेश जाने का गलत तरीका अपनाना ठीक नहीं, रोजगार के लिए वैध रास्ता अपनाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने SIR प्रक्रिया और किसानों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।

मीडिया से बात करते हुए मनोहर लाल खट्‌टर ने कहा, 'छठ का पर्व लोक आस्था और सूर्य उपासना का प्रतीक है, जो समाज में एकता और श्रद्धा का संदेश देता है। छठ के पर्व से समाज में भाईचारा और सकारात्मकता का वातावरण बनता है।' अमेरिका द्वारा डिपोर्ट किए भारतीयों पर खट्टर ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि रोजगार के लिए विदेश जाना ठीक है, लेकिन लीगल तरीके से ही जाना चाहिए। क्योंकि गैरकानूनी तरीके से विदेश जाने वाले आज समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

किसानों का साथ देगी सरकार

किसानों की परेशानियों को लेकर खट्टर ने कहा कि किसान मंडी में धान सुखाकर लेकर आएं। बारिश देर से हुई है, जिसके चलते किसानों के साथ-साथ प्रशासन को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा किसानों के साथ है और उनकी समस्या के समाधान के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

चुनाव आयोग का अच्छा फैसला

चुनाव आयोग द्वारा SIR लागू करने के फैसले पर बात करते हुए खट्टर ने कहा कि पहले इस प्रक्रिया को बिहार में शुरू किया गया था। लेकिन अब 10 राज्यों में इसे शुरू किया जा रहा है। यह आयोग का अच्छा फैसला है और पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि वह 27 अक्टूबर 2014 में हरियाणा के मुख्यमंत्री बने थे, उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए ऐतिहासिक रहा। यह केवल जनता के विश्वास का प्रतीक है, जिसने उन्हें सेवा करने का मौका दिया।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News