करनाल में युवक ने लगाया फांसी का फंदा: जन्मदिन से एक दिन पहले उठाया कदम, 3 माह पहले हुआ था ट्रांसफर

करनाल में जन्मदिन से एक दिन पहले कंपनी मैनेजर ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

Updated On 2024-10-15 21:42:00 IST
करनाल में युवक ने लगाया फांसी का फंदा। 

करनाल: जन्मदिन से एक दिन पहले कंपनी मैनेजर ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मैनेजर ने किराए पर लिए फ्लैट में मंगलवार सुबह पंखे से फंदा लगाया। 3 महीने पहले उसका ट्रांसफर हरियाणा में हुआ था। वह करनाल की सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में दूसरे फ्लोर पर अपनी मां के साथ रहता था। मां के मुताबिक उस पर काम का बहुत प्रेशर था, जिसके चलते वह परेशान रहता था। मृतक की पहचान 31 वर्षीय कर्ण निवासी दिल्ली के रूप में हुई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

कंपनी में सेल्स एरिया मैनेजर था मृतक

मृतक कर्ण की मां सपना ने बताया कि वह मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं। कर्ण जब छोटा था तो उसके पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने ही बेटे को पाला। वह क्रॉम्पटन कंपनी में सेल्स एरिया मैनेजर के पद तैनात था। करीब 3 माह पहले ही कंपनी ने कर्ण का ट्रांसफर दिल्ली से करनाल कर दिया। उस पर काम का बहुत प्रेशर था, जिसके चलते वह काफी परेशान रहता था। अक्सर कंपनी में काम के प्रेशर के बारे में बताता रहता था।

16 अक्टूबर को था जन्मदिन

मृतक के पड़ोसी धर्मेंद्र और सुनील ने बताया कि कर्ण कहता था कि काम का बहुत प्रेशर है, जिसकी वजह से वह परेशान रहता था। 16 अक्टूबर को कर्ण का जन्मदिन था। जब भी सोसाइटी में किसी का जन्मदिन होता है तो सभी लोग मिलकर जन्मदिन मनाते हैं। कर्ण के जन्मदिन की पार्टी को लेकर भी खुशी का माहौल था, लेकिन यह माहौल गम में बदल गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सदर थाना के जांच अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि युवक के शव का करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।

Similar News