जमीनी विवाद में महिला पर फायरिंग: बदमाशों ने गोली मारकर किया घायल, छाती के आरपार हुई गोली

कैथल में बदमाशों ने एक महिला को गोली मार दी जो महिला की छाती से आर पास हो गई। घायल महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।

Updated On 2024-10-10 20:13:00 IST
अस्पताल में उपचाराधीन महिला सरोज का बयान लेती पुलिस।

कैथल: बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। वीरवार दोपहर बाद तीन बदमाशों ने कैथल के चीका रोड स्थित मलिक नगर में एक महिला को गोली मार दी। गोली महिला का सीना चीरते हुए आरपार हो गई। खून से लथपथ महिला को उसके परिजनों ने कैथल के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही डीएसपी बीरभान तथा थाना शहर प्रभारी बीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यही नहीं, पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी बुलाया और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घर में काम कर रही थी महिला

डीएसपी बीरभान ने बताया कि सुबह करीब 9 कैथल के चीका रोड मलिक नगर में एक 35 वर्षीय महिला सरोज को गोली मारने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला ने बताया कि जब वह मलिक नगर स्थित अपने घर में काम कर रही थी तो उसी समय तीन बदमाश आए और आते ही उस पर गोली दाग दी। उसने बताया कि गोली लगने के कारण वह घायल हो गई तथा जमीन पर गिर गई। बदमाशों की सारी घटना घर के साथ लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

जमीनी विवाद में चल रहा है केस

डीएसपी ने बताया कि यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। घायल महिला सरोज की ससुराल जींद के माखांड गांव में है। उनकी जमीन नारनौंद में पड़ती है। उस जमीन के झगड़े के बारे में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में केस चल रहा है, उसी रंजिश के चलते वारदात हुई है। बता दें कि बुधवार को भी तीन बदमाशों ने दिलोंवाली में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया था। अब यह दूसरे दिन गोलीबारी की दूसरी वारदात हो गई है। एक के बाद एक गोली की दूसरी वारदात होने से शहरवासियों में भय का माहौल बनता नजर आ रहा है।

Similar News