33 साल की वफादारी का इनाम: आइसक्रीम बेचने वाले मोदी की BJP ने लगाई लॉटरी, दिया बड़ा सम्मान
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में सड़क किनारे आइसक्रीम की रेहड़ी लगाने वाले मोदी को रातोंरात भाजपा ने स्टार बना दिया है। भाजपा में रहकर 33 साल से सेवा कर रहे मुकेश कुमार को नपा के मनोनीत पार्षद के लिए चुना गया है।
महेंद्रगढ़ के राजकीय महिला महाविद्यालय के बाहर आइसक्रीम बेचते भाजपा के मनोनीत पार्षद मुकेश कुमार।
BJP वर्कर की ऊंची उड़ान : हरियाणा के महेंद्रगढ़ में आइसक्रीम बेचने वाले 52 वर्षीय मुकेश कुमार की लॉटरी लग गई। परिचितों के बीच मोदी नाम से मशहूर मुकेश कुमार को नगर पालिका में मनोनीत पार्षद बनाया गया है। करीब 33 साल पहले भाजपा से जुड़े जमीनी कार्यकर्ता को उनकी वफादारी, सेवा व समर्पण का सम्मान पार्टी की ओर से दिया गया है। मुकेश कुमार के पास फिलहाल पार्टी में शक्ति केंद्र प्रमुख का पद है। इसके अलावा वे खटीक समाज के प्रधान और दुर्लभनाथ सेवा समिति के प्रधान रह चुके हैं। आजीविका के लिए वे आज भी आइसक्रीम की रेहड़ी लगाते हैं।
आम कार्यकर्ता को दी खास पहचान
पिछले दिनों भाजपा सरकार की ओर से नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिका में मनोनीत पार्षद बनाए गए थे। सरकार की ओर से महेंद्रगढ़ नगर पालिका में भी दो मनोनीत पार्षद बनाए गए थे। नगर पालिका महेंद्रगढ़ में पार्टी की ओर से मनोनीत पार्षद बनाए गए शख्स कोई नामचीन चेहरा नहीं, बल्कि एक आम नागरिक हैं। जो अपना घर चलाने के लिए आइसक्रीम बेचने का कार्य करते हैं। हालांकि पेशे से वो साधारण हैं, लेकिन पार्टी से उनका जुड़ाव बेहद पुराना और मजबूत रहा है। लंबे समय से बीजेपी के साथ जुड़े इस कार्यकर्ता ने संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य किया है। उनका चयन एक मिसाल बनकर सामने आया है कि पार्टी हर उस व्यक्ति को मौका देती है, जो सच्चे मन से कार्य करता है।
भाजपा के साथ 1992 से जुड़े हैं
मुकेश कुमार वर्ष 1992 में भाजपा पार्टी के साथ जुड़े थे। इसके अलावा 20 वर्ष से आरआरएस के साथ जुड़कर समाजसेवा कर रहे हैं। वर्ष 1996 में उनको नगर मंडल का उपाध्यक्ष बनाया गया था। उस समय वर्तमान विधायक कंवर सिंह यादव जिला अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर प्रदेश अध्यक्ष होते थे। इसके बाद पार्टी की ओर से वर्ष 2014 में सक्रिय सदस्य, वर्ष 2016 में जनसंपर्क अभियान प्रमुख बनाया गया था। इसके बाद बूथ प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई। वर्तमान में उनके पास पार्टी में शक्ति केंद्र प्रमुख का पद है। इसके अलावा मुकेश कुमार खटीक समाज के प्रधान तथा दुर्लभनाथ सेवा समिति के प्रधान रह चुके हैं।
साधारण कार्यकर्ताओं का बढ़ा मनोबल
मुकेश उर्फ मोदी के मनोनीत पार्षद बनने के बाद स्थानीय जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस निर्णय की खूब सराहना हो रही है। लोग इसे सच्चे कार्यकर्ता की जीत और योग्यता की पहचान मान रहे हैं। बीजेपी के इस फैसले का स्वागत स्थानीय स्तर पर जोरदार तरीके से किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे उन लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी जो निस्वार्थ भाव से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। आम लोगों का भी कहना है कि यह योग्यता और निष्ठा की जीत है।
उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास रहेगा : मुकेश कुमार
मुकेश कुमार का कहना है कि आइसक्रीम की रेहड़ी से लेकर नगर पालिका के पार्षद पद तक का यह सफर केवल मेहनत, समर्पण व पार्टी के भरोसे से ही संभव हुआ है। संगठन के लिए सिर्फ सेवा की भावना से काम किया। कभी सोचा नहीं था कि पार्टी मुझे इतना बड़ा सम्मान देगी। अब यह जिम्मेदारी मिली है तो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही मेरा पहला लक्ष्य होगा।