फतेहाबाद में बदला मौसम: काली घटाएं छाने के बाद बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहावना, तापमान में आई गिरावट 

फतेहाबाद में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। काली घटाओं के बाद हलकी बूंदाबांदी हुई तो तापमान में गिरावट आई।

Updated On 2024-09-18 20:14:00 IST
फतेहाबाद में आसमान में छाए बादल।

फतेहाबाद: क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। काली घटाओं के बाद हलकी बूंदाबांदी हुई तो तापमान में गिरावट आई। शीत लहर चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले सप्ताहभर से बढ़ रहे तापमान व उमस से परेशान लोगों ने मौसम का आनंद उठाया। बता दें कि मौसम विभाग ने बुधवार को बारिश की संभावना जताई थी।

सामान्य से 50 फीसदी कम हुई बारिश

पिछले कई दिनों से उमस व तापमान की बढ़ोतरी से लोग बेहाल थे। मानसून में पहले से ही बारिश सामान्य से 50 फीसदी कम रही है। धान की फसल को भी पानी की कमी से नुकसान हुआ है। हालांकि यह बात अलग है कि अगर बारिश होती है तो धान की फसल को नुकसान होगा। जुलाई के बाद से पर्याप्त बारिश न होने व उमस के लगातार बढ़ने से नरमे की फसल भी खराब हो चुकी है। तापमान बढ़ने से फसलें सूख रही हैं। धान की अगेती फसल अगले कुछ दिनों में आने वाली है। तापमान बढ़ने से धान की फसल पर अभी बालियां नहीं आई, जिस कारण मौसम में ठंडक की जरूरत थी लेकिन तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है।

21 सितंबर तक रहेगा मौसम परिवर्तनशील

हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 21 सितम्बर तक मौसम के परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आने की संभावना से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 19 सितम्बर तक बादल छाये रहने, हवाएं चलने व हलकी बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में हलकी गिरावट आएगी और वातावरण में नमी की मात्रा में बढ़ोतरी होगी। 20 सितम्बर से फिर बारिश की गतिविधियों में कमी आने व तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

Similar News