मौसम परिवर्तन से सहमे किसान: खेतों में धान की फसल पककर तैयार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं व बादलों ने बढ़ाई चिंता

फतेहाबाद में मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। अगर बरसात हुई तो किसानों को धान की फसल में नुकसान होने की आशंका है।

Updated On 2024-09-28 19:18:00 IST
फतेहाबाद के खेतों में खड़ी धान की फसल।

फतेहाबाद: खेतों में धान की फसल पककर तैयार है। अगले सप्ताह मण्डियों में धान की फसल आनी शुरू हो जाएगी, लेकिन मौसम अचानक करवट ले रहा है। इससे किसानों की धड़कनें बढ़ गई हैं। दो अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से तापमान में भी उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा, जबकि वातावरण में नमी की मात्रा में कमी आएगी। मौसम विभाग ने इस दौरान बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अब जब धान पककर तैयार है, बादल छाने की भविष्यवाणी से किसानों की सांसें थम गई है। किसानों का मानना है कि जब फसल काटने का समय आया है तो मौसम खराब होने की संभावना ने चिंता बढ़ा दी है।

फसल खराब होने की आशंका

क्षेत्र में सुबह के समय कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन बाद में हवा चलने से किसान परेशान हो गए। इस समय धान की कटाई का कार्य चल रहा है। उधर पछेती धान की फसल में लगातार किसान सिंचाई कर रहे है। अगर वर्षा व तेज आंधी आती है तो धान की फसल खराब हो सकती है। गांव दरियापुर के किसानों ने बताया कि अब मौसम साफ रहना चाहिए। जुलाई महीने में कम वर्षा थी, लेकिन अगस्त महीने में अच्छी वर्षा होने के कारण इस बार फसल भी अच्छी होने की उम्मीद है। लेकिन अब वर्षा हो गई तो भारी नुकसान हो सकता है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस समय मानसून की वापस हो रही है। उधर अक्टूबर महीने के प्रथम सप्ताह में कुछ बदलाव हो सकता है। उसके बाद मौसम साफ ही रह सकता है। लेकिन अगले 20 दिनों तक धान की कटाई तेज होगी। दिन के तापमान में कुछ कमी भी देखने को मिलेगी। एचएयू हिसार के मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क व बीच-बीच में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद हलकी गति से उत्तर-पश्चिमी हवाए चलने की संभावना है जिससे तापमान में हलकी बढ़ोतरी होगी व वातावरण में नमी की मात्रा में गिरावट आएगी।

Similar News