Honey trap: ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए पूर्व फौजी की मदद में महापंचायत कर थाना घेरा

फतेहाबाद में एक पूर्व फौजी को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठने व एससी एसटी केस लगवाने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महापंचायत कर लोगों ने थाना घेर लिया।

Updated On 2025-08-21 19:49:00 IST

फतेहाबाद के भूना में थाने में प्रदर्शन करते लोग। 

हनी ट्रैप के खिलाफ जन आंदोलन : हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना शहर में हनी ट्रैप व ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए एक रिटायर्ड सूबेदार के पक्ष में गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने अनाज मंडी में महापंचायत की और फिर भूना थाना का घेराव किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पीड़ित पूर्व फौजी पर ही पुलिस ने एससी/एसटी का केस दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और झूठे मुकदमे रद्द करने की मांग की।

मकान किराए पर लेने के बहाने ट्रैप में फंसाया

पूरा मामला रिटायर्ड सूबेदार रणधीर सिंह उर्फ धीर से जुड़ा है। आरोप है कि कुछ लोगों ने मकान किराए पर लेने के बहाने एक महिला के साथ मिलकर उन्हें हनी ट्रैप में फंसा दिया। बाद में छेड़छाड़ और एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देकर 11 लाख रुपए की मांग की गई। मानसिक दबाव में आकर रि. सूबेदार ने 5.35 लाख रुपए आरोपियों को दे भी दिए। पीड़ित ने इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी थी, लेकिन शुरुआत में मामला दर्ज नहीं किया गया।

थाने में एक घंटे तक किया प्रदर्शन

सूचना फैलते ही रिटायर्ड सैनिक के गांव डूल्ट व भूना शहर से हजारों लोग एकत्रित हो गए और अनाज मंडी में महापंचायत की गई। महापंचायत की अध्यक्षता व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान अजय कुमार मेहता व सरपंच प्रतिनिधि सुखविंदर सिंह ढिल्लों ने की, जबकि संचालन बजरंग दल के जिला संयोजक सुशील कुमार बागड़ी ने किया। महापंचायत के बाद सभी प्रदर्शनकारी भूना थाना पहुंचे और थाना परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चला। इस दौरान थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत झूठी पाई गई तो एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी हटाई जाएंगी।

प्रदर्शन में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर पालिका के चेयरपर्सन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा, वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान फकीरचंद मित्तल, व्यापार मंडल के प्रधान अजय कुमार झाझड़ा, व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान कैलाश बंसल, अग्रवाल सभा के प्रधान बृजलाल बंसल, गुरुद्वारा सिंह सभा कमेटी के प्रधान हरपाल सिंह, पूर्व प्रधान फौजी सिंगारा सिंह, बालाजी सेवा समिति के प्रधान सुनील शर्मा, पार्षद अतुल सोनी, पार्षद रोहताश गोयल, पार्षद राहुल दहिया, पार्षद प्रतिनिधि बलजीत सोनी, खैराती लाल छोकरा,हरविंदर सिंह, केवल डाबर, सुनील खुराना, तरसेम देवगन, पूर्व पार्षद सोमनाथ इंदौरा, ईश्वर वाल्मीकि, पूर्व सरपंच राजबीर दहिया,सुरजमल, सुशील गिरधर, संजय मेहता, नत्थूराम दहिया व पार्षद प्रतिनिधि बजरंग शर्मा आदि शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

एसटी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग का आरोप

महापंचायत में लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग एससी/एसटी एक्ट का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग का गिरोह चला रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि यह गिरोह अब तक कई लोगों को इसी तरह झूठे मामलों में फंसा चुका है और मोटी रकम वसूल चुका है। वार्ड पार्षद प्रकाश कुमार ने भी इसी गिरोह पर एक महिला को अपने झांसे में लेकर उन्हें 20 लाख रुपए ब्लैकमेल कर लेने के प्रयास का आरोप लगाया। वहीं, शहर के अन्य पीड़ितों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर आरोपियों की गिरफ्तार नहीं हुई तो आठवें दिन सिरसा- चंडीगढ़ रोड जाम करेंगे।

यह भी पढ़ें : मनीषा केस में डीजीपी का दावा-मनीषा के शव को कुत्तों ने नोचा, हमारे पास चश्मदीद के बयान

पुलिस ने शिकायत पर क्रॉस केस किया

रिटायर्ड सूबेदार रणधीर सिंह की ओर से जिन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है उनमें महावीर, उसकी पत्नी, कुलदीप बौद्ध, रमन बैंस, टेकाराम, दिनेश बौद्ध और हरपाल बौद्ध शामिल हैं। इन सभी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 308(7), 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, महिला की शिकायत पर रणधीर सिंह और सोनू के खिलाफ छेड़छाड़ व एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पूर्व सैनिक का दर्द, मुझे प्रताड़ित किया

रिटायर्ड सूबेदार रणधीर सिंह का कहना है कि उन्हें सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हनी ट्रैप में फंसाकर 5.35 लाख रुपये ऐंठे गए। आरोपियों ने झूठे मुकदमों की धमकी देकर मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हुई रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं और मांग की है कि गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में और कोई इस जाल में न फंसे।

हर प्रशासनिक मसले में पैरवी करेगी 51 सदस्यीय कमेटी

भूना शहर के जनहित से जुड़े हर छोटे-बड़े प्रशासनिक मामलों में कार्रवाई करवाने और मजबूत पैरवी के लिए अब एक संगठित प्रयास शुरू हो चुका है। रिटायर्ड सूबेदार के साथ हुई घटना के बाद शहर में 51 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रभावशाली और सक्रिय लोगों को शामिल किया गया है। कमेटी की पहली बैठक में तय किया गया कि यह टीम नगर से जुड़े विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाएं, प्रशासनिक लापरवाही जैसे सभी मुद्दों पर जिला प्रशासन से संवाद करेगी और जनता की आवाज बनेगी। कमेटी में पंच-सरपंच, पूर्व जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोग, व्यापारी और युवाओं को जगह दी गई है। इनमें चेयरपर्सन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा, वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी, राजबीर दहिया पूर्व सरपंच, नत्थूराम दहिया, अजय मेहता पूर्व प्रधान व्यापार मंडल, सोनू धानिया, सुखविंदर सिंह सरपंच प्रतिनिधि डूल्ट, हरजिंदर सिंह नंबरदार डूल्ट, बलजीत सिंह, सुरेश कंबोज, गुरदयाल कंबोज, ईश्वर वाल्मीकि, बलराज सिंह, सुशील सोनी, साधु राम कुम्हार, सोम नाथ इंदौरा, बजरंग शर्मा प्रतिनिधि, डॉ. आरके सैनी, तरसेम शर्मा, हनुमान ओला, युवराज शर्मा, हरपाल सिंह प्रधान, सुरेंद्र सिंह, जुगनू पेंटर, बलकार सिंह फौजी, बृजलाल बंसल प्रधान अग्रवाल सभा, हरविंदर मेहता, सुनील शर्मा, लवली बेनिवाल प्रधान श्री बालाजी सेवा समिति, सुरेंद्र थापन, सुरेश कुमार, रामनिवास वर्मा, लक्खवीर सिंह, राजू वधवा, जितेंद्र सिंह, रोहताश कुमार, अर्जुन, गंगाराम कुम्हार, अवतार सिंह मल्ली, शैंडी, सूरजमल, खैराती लाल छोकरा, राजेंद्र खट्टर, राजा बागड़ी, सुशील बागड़ी, सुशील विश्नोई, गुल्लू, संजय मेहता, पार्षद रोहताश गोयल, बिट्टू मुंजाल आदि को शामिल किया गया है।

Tags:    

Similar News