टोहाना में आपस में भिड़े कांग्रेसी: केंद्रीय पर्यवेक्षक के सामने विधायक परमवीर पर आरोप लगाए तो हुई धक्कामुक्की व मारपीट, पुलिस पहुंची

हरियाणा के फतेहाबाद में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। विधायक परमवीर सिंह के समर्थकों पर मारपीट के आरोप लगाते हुए हुड्डा गुट के एक कार्यकर्ता ने पुलिस बुला ली।

Updated On 2025-06-17 22:21:00 IST

फतेहाबाद के टोहाना में कांग्रेस के कार्यक्रम में विवाद के बाद एक कार्यकर्ता को मंच से उतारते हुए।

टोहाना में आपस में भिड़े कांग्रेसी : हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। केंद्रीय पर्यवेक्षक के सामने ही गुटबाजी उभरकर सामने आई और कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की तक हुई। विधायक परमवीर सिंह पर भाजपा नेता सुभाष बराला से सांठ गांठ के आरोप लगे, जिसके चलते हंगामा हो गया। एक कार्यकर्ता से मारपीट के आरोपों की शिकायत पर पुलिस भी पहुंच गई।

विधायक के सुरक्षाकर्मी समेत चार पर मारपीट के आरोप

शहर के पैराडाइज पैलेस में कांग्रेस के संगठन सर्जन अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक चला वामशी रेड्डी, पूर्व मंत्री अतर सिंह, राहुल मक्कड़ व सतवीर पहलवान मुख्य रूप से पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं में गुटबाजी देखने को मिली। कांग्रेस नेता हरपाल सिंह ने मौजूदा विधायक परमवीर सिंह पर चुनाव में भाजपा नेता सुभाष बराला से मिलीभगत करने के गंभीर आरोप लगाए। इसके चलते कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने हरपाल सिंह से धक्का मुक्की भी की। हुड्डा गुट के नेता हरपाल सिंह बुडानिया ने विधायक परमवीर सिंह के सुरक्षाकर्मी सहित चार अन्य लोगों पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता हरपाल ने इसकी सूचना शहर पुलिस को दे दी है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

विधायक परमवीर सिंह पर यह आरोप लगाए

कांग्रेस नेता हरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में परमवीर सिंह ने भाजपा के मौजूदा राज्यसभा सांसद सुभाष बराला का साथ दिया और बराला विधायक बने थे। इस बार 2024 के विधानसभा चुनाव में सुभाष बराला ने परमवीर सिंह के पक्ष में मतदान करवाया जिसके चलते परमवीर विधायक बन पाए हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति लगातार जमानत जब्त करवा चुका हो उसको जितवाने में भाजपा नेता का हाथ है और इन नेताओं की आपस में साठ गांठ बनी हुई है। हरपाल सिंह ने कहा कि परमवीर सिंह के सुरक्षाकर्मी सहित चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की है जिसकी शिकायत शहर पुलिस को दी है। हरपाल ने कहा कि कांग्रेस गुटबाजी के कारण ही इस हालत में पहुंची है। जब तक इस गुटबाजी को दूर नहीं किया जाएगा कांग्रेस उभर नहीं सकती। इस मामले को लेकर कांग्रेस हाईकमान से बातचीत करेंगे।

मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप गलत : विधायक

विधायक परमवीर सिंह से मंच से बोलते हुए कहा कि उन पर लगे सभी आरोप गलत हैं। उनके परिवार के किसी सदस्य ने जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन तक नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा ऐसे कार्यकर्ता को आगे किया जाना चाहिए जो पार्टी को एक साथ लेकर कार्य कर सके।

केंद्रीय पर्यवेक्षक ने गुटबाजी के सवाल पर चुप्पी साधी

केंद्रीय पर्यवेक्षक चला वामशी रेड्डी ने कहा कि वह यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने आए थे, जिसमें जिला अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा की गई है। कार्यकर्ताओं से एक-एक करके बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज टोहाना, फिर रतिया और अंत में फतेहाबाद के कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे हर विधानसभा के एक गांव में जाकर कार्यकर्ताओं की राय भी लेंगे। वहीं, उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर चुप्पी साध ली।

Tags:    

Similar News