Dhirendra Shastri: फरीदाबाद में धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा, पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन, पहलवान खली, खिलाड़ी उमेश यादव भी पहुंचे, हिंदुओं से की अपील

Dhirendra Krishna Shastri Padyatra: बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा हरियाणा में प्रवेश कर चुकी है। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन भी यात्रा में शामिल हुए।

Updated On 2025-11-08 16:31:00 IST

बागेश्वर धाम धीरेंद्र कृष्णा शास्त्री की पदयात्रा।  

Dhirendra Krishna Shastri Padyatra: बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 'सनातन एकता पदयात्रा' शुक्रवार को दिल्ली के छतरपुर स्थित श्री कात्यायनी मंदिर से शुरू हुई। शनिवार, 8 नवंबर को यह यात्रा गुरुग्राम मार्ग से होकर फरीदाबाद पहुंची, जहां लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने भी स्वागत समारोह में हिस्सा लिया। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन भी यात्रा में शामिल हुए।

पदयात्रियों ने जिरखोद मंदिर से होते हुए हरियाणा में प्रवेश किया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस 'सनातन एकता पदयात्रा' में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने भी शिरकत की। इस दौरान उन्हें धीरेंद्र शास्त्री से चर्चा करते हुए देखा गया।

पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने मीडिया से बात करते हुए इस मौके पर कहा, 'मुझे यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। इस पदयात्रा के पीछे आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का विचार हिंदुओं को जाति-पाति से ऊपर उठाकर हिंदुत्व को बढ़ावा देना है... एकता में बहुत ताकत है। हिंदुओं को मजबूती से एकजुट होकर एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में भागीदारी निभानी चाहिए।'

गुरुग्राम जाने के लिए इन रास्तों का करें चुनाव

पुलिस ने यात्रा को देखते हुए गुरुग्राम रोड समेत कई रास्तों को बंद कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि गुरुग्राम जाने के लिए अंखिर गोल चक्कर, सूरजकुंड गोल चक्कर, शूटिंग रेंज, मेहरौली सड़क मार्ग या मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पुलिस ने एडवाइजरी जारी करके लोगों से ऑप्शनल रूट इस्तेमाल करने की अपील की है। यात्रा पाली चौक के आगे बायो मेडिकल कॉलेज में दोपहर के भोजन करने के बाद बड़खल-पाली मार्ग, मस्जिद चौक, ESI चौक होते हुए NIT के दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां पर यात्रियों के लिए रात में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। 


पहलवान खली और क्रिकेटर उमेश यादव भी हुए शामिल

भारतीय पहलवान खली भी सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2025 के दौरान बागेश्वर धाम के प्रमुख आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़े। उनका कहना है कि सभी को इस पदयात्रा में शामिल होना चाहिए और इसे सफल बनाना चाहिए।

क्रिकेटर उमेश यादव भी पदयात्रा में शामिल हुए उन्होंने कहा कि 'यह सब ईश्वर की कृपा से है। हम तो बस ईश्वर का काम कर रहे हैं। सभी को अपने धर्म और ईश्वर के प्रति जागरूक होना चाहिए। यह पदयात्रा हिंदुओं को एकजुट करने के लिए है। महाराज द्वारा की गई यह एक बहुत अच्छी पहल है और सभी सनातनी भाइयों को इसका समर्थन करना चाहिए। इसीलिए मैं यहाँ हूँ। ईश्वर की इच्छा से ही मैं यहाँ आ पाया हूँ।'   


9 और 10 नवंबर को यहां से गुजरेगी यात्रा

फरीदाबाद के NIT दशहरा मैदान से पदयात्रा सुबह 9 नवंबर को आगे बढ़ेगी। इसके बाद यात्रा मेट्रो मोड़ हार्डवेयर चौक सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी-पॉइंट बल्लभगढ़ से होकर अनाज मंडी पहुंचेगी, यहां से दोपहर के भोजन के बाद यात्रा NH-19 रास्ते से एलसन चौक, जेसीबी चौक होते हुए सीकरी गांव शगुन गार्डन में प्रवेश करेगी, यहां रात को ठहरने के बाद यात्रा अगली सुबह यानी 10 नवंबर को फिर से शुरू हो जाएगी। इसके बाद यात्रा नेशनल हाईवे से होकर पलवल में एंट्री करेगी,यहां से रात के ठहराव के बाद 11 नवंबर को फिर से यात्रा शुरू हो जाएगी। इसके बाद 12 नंवबर को मितरोल गांव से बंचारी गांव जाएगी। यात्रा 16 नवंबर को वृंदावन के बाँके बिहारी मंदिर में संपन्न हो जाएगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News