पंजाब में सीएम सैनी का बड़ा ऐलान: हरियाणा में 1984 के दंगा पीड़ित परिवारों को मिलेगी सरकारी नौकरी
सीएम नायब सैनी ने पंजाब की धरती से 1984 के दंगा पीड़ित परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। तरनतारन में उपचुनाव में प्रचार में यह बात कही।
पंजाब दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 1984 के सिख दंगा पीड़ित परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया है। सरकार के इस फैसलें का प्रदेश कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350 वें शहीदी दिवस पर 1 नवंबर से शुरू हुए कार्यक्रम 25 नवंबर तक चलेंगे तथा कुरूक्षेत्र में मुख्य सामरोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के कुशासन से अब ऊब चुकी है और जनता अब विकास व सुशासन चाहती है। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि यह पंजाब की दिशा तय करने वाला चुनाव है कि आने वाले वर्षों में पंजाब कैसा होगा। इस बदलाव की गारंटी भारतीय जनता पार्टी और उसके प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू हैं। उन्होंने शुक्रवार को पंजाब के तरनतारन के चाबल कलां में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा बीर बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेक कर देश एवं प्रदेश की उन्नति की अरदास की।
कांग्रेस व आप ने पंजाब को पीछे धकेला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दोनों दलों ने पंजाब को पीछे धकेलने का काम किया है। कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और नशे ने पंजाब को खोखला किया, जबकि आम आदमी पार्टी ने बदलाव के नाम पर केवल झूठे वादे किए। केजरीवाल ने बच्चों की कसम खाई थी कि कांग्रेस से समझौता नहीं करेंगे, लेकिन सत्ता के लिए उन्होंने कांग्रेस और भ्रष्टाचार दोनों से समझौता कर लिया। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जब पंजाब में बाढ़ आई थी, तब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोनों गायब थे। एक दिल्ली चले गए और दूसरे अस्पताल में भर्ती हो गए, जबकि उस समय हरियाणा सरकार ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंजाब के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में हरसंभव मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले जनता ने आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत दिया था, लेकिन आज वही जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
वोट झूठे वादों पर नहीं, विकास की गारंटी पर दें
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा आज विकास के क्षेत्र में देश में चौथे स्थान पर है। जो योजनाएं हरियाणा में बनती हैं, वे लोगों तक सीधी पहुंचती हैं। हमने किसानों की खराब फसल का मुआवजा सीधे उनके खातों में डाला है, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ शासन चलाया जा रहा है। हरियाणा में भाजपा सरकार तीसरी बार बनी है और भाजपा सरकार ने अपने अधिकांश वायदे पूरे किए हैं उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जबकि हरियाणा में भाजपा ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की गति से आगे बढ़ रहा है। अब समय आ गया है कि पंजाब भी उसी दिशा में कदम बढ़ाए। अगर हरियाणा आगे बढ़ सकता है तो पंजाब क्यों नहीं? पंजाब को आगे बढ़ाना है तो कमल के फूल के साथ चलना होगा। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता अब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के छलावे में नहीं आने वाली। यह चुनाव झूठे वादों पर नहीं, बल्कि विकास की गारंटी पर वोट देने का है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि भाजपा प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू को भारी मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के हाथ मजबूत करें। इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, भाजपा प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू, भाजपा महासचिवराकेश राठौर, अनिल सरीन सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।