BJP के पूर्व सांसद का बड़ा दावा: पूर्व सीएम हुड्डा सोनिया को भिजवाते थे 500 करोड़, कांग्रेस नेता ने भेजा नोटिस
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूर्व BJP सांसद अर्जुन सिंह को मानहानि का नोटिस भेजकर 7 दिन में माफी मांगने की मांग की है। यह विवाद उनके द्वारा 8 जुलाई को दिए बयान के बाद शुरू हुआ है।
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को भेजा मानहानि नोटिस।
BJP के पूर्व सांसद को मानहानि नोटिस : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस पश्चिम बंगाल में दिए गए उस बयान के संदर्भ में भेजा गया है जिसमें अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया था कि हुड्डा हर महीने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को 500 करोड़ रुपये भेजते थे। हुड्डा ने इस आरोप को बेबुनियाद और सिरे से झूठ करार देते हुए इसे उनकी छवि धूमिल करने की साजिश बताया है।
अर्जुन सिंह से कभी नहीं मिला, 7 दिन में माफी मांगें
यह नोटिस सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिव भटनागर और युवराज नांदल के माध्यम से भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि 8 जुलाई 2025 को उत्तर 24 परगना जिले में मीडिया से बातचीत के दौरान अर्जुन सिंह ने यह बयान दिया, जिसे कई राष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म्स और न्यूज एजेंसियों ने प्रसारित किया। हुड्डा ने इसे एक सोची-समझी रणनीति बताया गया है जिसका मकसद उन्हें बदनाम करना और जनता के बीच गलत धारणा बनाना है। हुड्डा ने स्पष्ट किया कि उनकी अर्जुन सिंह से कभी मुलाकात तक नहीं हुई है और बयान पूरी तरह से मनगढंत है। नोटिस में यह मांग की गई है कि अर्जुन सिंह अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और 7 दिनों के भीतर सभी डिजिटल, प्रिंट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित वीडियो और खबरों को हटाया जाए। ऐसा न करने की स्थिति में उनके खिलाफ अदालत में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अर्जुन सिंह ने यह दिया था बयान
पूर्व भाजपा सांसद ने पत्रकारों को कहा था कि मैं आपको एक चौकाने वाली बात बताता हूं। हरियाणा में कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री हुआ करते थे, उनका नाम था भूपेंद्र सिंह हुड्डा। एक बार मैं उनसे मिलने गया था तो उन्होंने बताया था कि अगर वह हर महीने की 30 तारीख को सोनिया गांधी को 500 करोड़ रुपये नहीं भेजेंगे तो उन्हें कुर्सी से हाथ धोना पड़ेगा।