Weather condition: हरियाणा के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को चौंकाया, तेज हवाओं और बादलों का सिलसिला जारी
चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद में बारिश हुई, हिसार में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। 6 जून से मौसम के खुश्क रहने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
पूंडरी में बारिश के बाद गिरे ओले।
हरियाणा में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। गुरुवार की सुबह प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को चौंका दिया है। एक ओर जहां कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, वहीं बाकी जिलों में भी तेज हवाओं और बादलों का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 10 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
सुबह-सुबह हुई बारिश, हिसार में ओलावृष्टि
गुरुवार सुबह-सुबह चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद जैसे जिलों में बारिश दर्ज की गई। दादरी, महेंद्रगढ़ और भिवानी में तो तेज बारिश हुई, जिसके कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। फतेहाबाद में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। वहीं, हिसार में तेज बारिश के साथ ओले गिरने से मौसम में अचानक ठंडक घुल गई।
आज भी 10 जिलों में बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी हरियाणा के 10 जिलों में मौसम खराब रहेगा। इनमें चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, हिसार, सोनीपत, जींद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, झज्जर और फतेहाबाद शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना है।
बीते दिन भी खराब रहा था मौसम
बुधवार, 4 जून को भी हरियाणा के कैथल और सिरसा में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। कैथल के पूंडरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सिरसा में भी तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। हिसार में भी कल तेज बारिश के साथ ओले गिरे थे।
कहां-कहां बिगड़ेगा आज मौसम
मौसम विभाग ने जिन जगहों पर आज मौसम बिगड़ने की संभावना जताई है, उनमें चरखी दादरी, भिवानी, बेरी खास, सांपला, रोहतक, बवानी खेड़ा, हांसी, हिसार, नारनौंद, महम, गोहाना, जुलाना, जींद और नरवाना शामिल हैं। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, तावड़ू, गुरुग्राम, नांगल चौधरी, नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, भद्रा, बावल, रेवाड़ी, पटौदी, कोसली, मातनहेल, झज्जर, बहादुरगढ़, फतेहाबाद, खरखौदा, सोनीपत, सफीदों, टोहाना और रतिया में बूंदाबांदी की संभावना है। यहां भी 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
6 जून से मौसम रहेगा खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव 5 जून तक बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर आंशिक बादल और हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने आगे बताया कि 6 जून से हवाओं में बदलाव आएगा और उत्तरपूर्वी से पश्चिमी होने की संभावना है, जिससे 6 से 9 जून तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान हल्के बादल रहने और कहीं-कहीं धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, अभी भी प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। बुधवार को रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पिछले 24 घंटों में प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पंचकूला में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद पंचकूला का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, भिवानी के अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद यहां का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
यह बदलता मौसम किसानों और आम जनता दोनों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका है, वहीं अचानक मौसम में बदलाव से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनियों के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।