Delhi-Haryana Weather: दिल्लीवालों के लिए खत्म हुए सुहावने दिन, अब झेलनी पड़ेगी गर्मी का मार; जानें हरियाणा में कैसा रहेगा हाल?
Delhi-Haryana Weather: दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। अगले कुछ ही दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाएगा। जानिए हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम...
राजस्थान मौसम का हाल
Delhi-Haryana Weather: दिल्ली में सुहावने मौसम का समय खत्म हो गया है। अब दिल्लीवासियों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा। दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश के चलते लोगों को गर्मी और हीटवेव से छुटकारा मिल गया था, लेकिन अब फिर से तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने वाला है। आज दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी।
इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं, बीते सोमवार को दिल्ली में अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की मानें, तो अगले कुछ दिनों में ही दिल्ली के अंदर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाएगा। इस बीच बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
14 मई को तापमान 40 के पार?
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाएगा। IMD के मुताबिक, 14 मई यानी कल दिल्ली में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। हालांकि 14 से 17 मई के बीच राजधानी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिल्ली के अलावा एनसीआर के इलाकों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। नोएडा और गाजियाबाद में भी आज तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
हरियाणा में भी तापमान तेजी से बढ़ने वाला है। हालांकि कुछ जिलों में तापमान शुष्क रहने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, प्रदेश के कई जिलों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। बता दें कि बीते सोमवार को हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिसार में सबसे कम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज के मौसम की बात करें, तो हरियाणा के 7 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके लिए हरियाणा मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज : 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, 8 में तेज हवाएं, रोहतक सबसे गर्म जिला