'ये क्या मजाक कर रहे हैं एलजी साहब', अरविंद केजरीवाल की हेल्थ पर LG के प्रधान सचिव के आरोप पर संजय सिंह की प्रतिक्रिया

उपराज्यपाल के प्रधान सचिव ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वह जेल में कैलोरी कम ले रहे हैं। इस आरोप पर आम आदमी पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है।

Updated On 2024-07-20 11:08:00 IST
अरविंद केजरीवाल की हेल्थ के आरोप पर संजय सिंह की प्रतिक्रिया

Arvind Kejriwal Health: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हेल्थ को लेकर सियासत तेज हो गई है। सीएम केजरीवाल पर उपराज्यपाल के प्रधान सचिव ने आरोप लगाया है कि जेल में अरविंद केजरीवाल कैलोरी कम ले रहे हैं। जिसके चलते उनका वजन कम हो रहा है। इन आरोपों पर आम आदमी पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि क्या कोई आदमी खुद की शुगर कम करेगा?

संजय सिंह ने दी प्रतिक्रिया

सांसद संजय सिंह ने इसको लेकर अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने एलजी के प्रधान सचिव द्वारा दिल्ली के मुख्य सचिव को लिखी गई चिट्ठी को भी शेयर किया है। संजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि ये क्या मजाक कर रहें हैं एलजी साहब? क्या कोई आदमी खुद की रात में शुगर कम करेगा? जो की बहुत खतरनाक है। उन्होंने आगे लिखा कि एलजी साहब बीमारी के बारे में पता नहीं, तो आपको ऐसी लेटर नहीं लिखनी चाहिए। ईश्वर ना करें कभी आप के साथ ऐसा समय आए।

कोमा में जा सकते हैं अरविंद केजरीवाल- आतिशी

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा है कि बीजेपी सीएम अरविंद केजरीवाल को मारने की साजिश रच रही है। आतिशी ने कहा कि सीएम केजरीवाल का शुगर लेवल 8 से ज्यादा बार 50 से नीचे आया। वह कोमा में जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक का भी खतरा है।

बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य पर दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना के कार्यालय ने चिंता व्यक्त की है। इसे लेकर एलजी के प्रधान सचिव ने दिल्ली के मुख्य सचिव को एक पत्र लिखा है, जिसमें 6 जून से 13 जुलाई के बीच अरविंद केजरीवाल की डाइट और इंसुलिन से संबंधित चेतावनियों की बात लिखी गई​।

एलजी के प्रधान सचिव ने अरविंद केजरीवाल पर कम कैलोरी लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने दिल्ली के मुख्य सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि सीएम केजरीवाल जानबूझकर कम कैलोरी वाली डाइट ले रहे हैं और तय मानकों से कम आहार ले रहे हैं, जिससे उनका वजन कम हो रहा है। अब इसको लेकर दिल्ली की सियासत तेज हो गई है।

Similar News