Delhi Food Festival: त्योहारी सीजन में यहां का बंगाली खाना खाकर देखिये, कोलकाता के स्वाद को भूल जाएंगे आप

Delhi Food Festival: अगर आपको भी बंगाली खाना पसंद है, तो आपको दिल्ली के इन रेस्टोरेंट की विजिट अवश्य करनी चाहिए। आगे जानिये इसके पीछे की वजह...

By :  Amit Kumar
Updated On 2024-09-01 13:54:00 IST
त्योहारी सीजन में यहां लीजिए बंगाली खाने का स्वाद।

Delhi Food Festival: दिल्ली में नवरात्रि उत्सव की शुरुआत होते ही दुर्गा पूजा उत्सव की भी शुरुआत हो जाती है। दुर्गा पूजा उत्सव विशेषकर पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारतीय राज्यों का प्रमुख उत्सव है। खास बात है कि नवरात्रि के दौरान प्याज, लहसुन और अंडे समेत मांसाहारी व्यंजनों से भी परहेज किया जाता है, लेकिन दुर्गा उत्सव की बात करें तो मांसाहारी व्यंजन भी खाए जाते हैं। आज की खबर में हम बंगाली व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध रेस्टोरेंट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप दुर्गा पूजा के बाद अपनी फैमिली को डिनर पर ले जाकर सेलिब्रेट कर सकते हैं। यहां का बंगाली खाना खाकर आप कोलकाता के स्वाद को भूल जाएंगे। तो देर किस बात की, चलिये बंगाली खाने के लिए प्रसिद्ध रेस्टोरेंट के बारे में बताते हैं।

ग्रेटर कैलाश 2 का ओह! कलकत्ता रेस्टोरेंट

ओह कोलकाता रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट बंगाली खाने का लीजिए स्वाद।

बंगाल के लोगों को मछली खाना बेहद पसंद है। नाश्ता हो, लंच या फिर डिनर, मछली को न नहीं बोल सकते हैं। अगर आपको भी मछली खाना पसंद है, तो आपको ग्रेटर कैलाश 2 स्थित ओह! कलकत्ता रेस्टोरेंट अवश्य जाना चाहिए। यहां सरसों के तेल में डिप फ्राई मछली का स्वाद आप कभी भूल नहीं पाएंगे। इसके अलावा झींगों से लेकर अन्य डिशेज को भी टमाटर और गुड़ की चटनी के साथ परोसा जाता है। यहां की दाब चिंगरी और चिंगरी मलाई करी का भी टेस्ट ले सकते हैं। दावा है कि इनके बंगाली स्वाद का खाना खाकर आप यहां फिर से लौटने पर विवश हो जाएंगे।

सिटी ऑफ जॉय

सिटी ऑफ जॉय में कोलकाता में होने का अहसास मिलेगा।

अलकनंदा स्थित सिटी ऑफ जॉय रेस्टोरेंट ऐसा स्थान है, जो हर बंगाली को बेहद पसंद आएगा। यहां की मछली का स्वाद बेहतरीन है। यहां अन्य नॉनवेज डिशेज के अलावा वेजिटेरियन डिशेज का भी लुत्फ उठा सकते हैं। शाकाहारी व्यंजनों में फूल कोपी दलना, पोस्टो डिशेज और मोचर घोंटो सबसे ज्यादा डिमांड में रहता है। इस रेस्टोरेंट में एंट्री करते ही आपको ऐसा लगेगा, जैसे आप कोलकाता के किसी रेस्टोरेंट में बैठे हैं। वहीं, व्यंजनों का स्वाद चखने के बाद कोलकाता का स्वाद भूल जाएंगे।

बिजोली ग्रिल

यहां नॉनवेज के साथ वेज डिशेज की भी कई वैरायटी।

चित्तरंजन पार्क के सी ब्लॉक में बिजोली ग्रिल आउटलेट भी बंगाली खाने के लिए फेमस है। यहां बंगाली खाने को नए प्रयोग के साथ परोसा जाता है। मुइथा और झाल, ऐसे व्यंजन है, जिसे अवश्य ट्राई करना चाहिए। अगर आप दुर्गा उत्सव के दौरान बेहतरीन बंगाली खाना चाहते हैं, तो आपको एक बार यहां की विजिट अवश्य करनी चाहिए।

कोलकाता बिरयानी हाउस

यहां कोलकाला की प्रसिद्ध बिरयानी का लुत्फ उठाइये।

दिल्ली में हर जगह वेज और नॉनवेज बिरयानी की मशहूर दुकानें मिल जाएंगी, लेकिन इन दुकानों पर सादी बिरयानी के अलावा लखनऊ बिरयानी या फिर हैदराबादी बिरयानी ही मिलती हैं। क्या आपने कभी कोलकाता बिरयानी चखी है। यह भी बंगालियों की पंसदीदा बिरयानी है। अगर आप भी नॉनवेज के शौकीन हैं और कोलकाता बिरयानी का स्वाद चखना चाहते हैं, तो आपको चित्तरंजन पार्क के सी ब्लॉक ही जाना होगा।

यह शॉप मार्केट नंबर 1 में स्थित है। इस शॉप का नाम कोलकाता बिरयानी हाउस है। यहां अच्छे से पके चिकन, मटन, उबले अंडों और उबले आलू के पीस को बिरयानी के साथ सर्व किया जाता है। साथ ही, तीखी चटनी भी इसका स्वाद को और बढ़ा देती है। क्या आपके भी मुंह से पानी आ रहा है, तो देर किस बात की, दुर्गा उत्सव से पहले ही यहां पहुंचकर बंगाली व्यंजनों का स्वाद ले लीजिए।

ये भी पढ़ें: त्योहारी सीजन में शाकाहारी व्यंजनों के लिए दिल्ली एनसीआर के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट

 

Similar News