Stubble Burning Issue: 'मनजिंदर सिंह सिरसा सिखों से माफी मांगे', भड़के सौरभ भारद्वाज
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब में पराली जलाने के कथित वीडियो दिखाए थे। अब सौरभ भारद्वाज ने पलटवार किया है।
पराली के मुद्दे पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और आप नेता सौरभ भारद्वाज आमने-सामने।
दिल्ली में यमुना प्रदूषण से लेकर वायु प्रदूषण तक जमकर सियासत चल रही है। विपक्ष जहां इसे लेकर सत्ता पक्ष पर जोरदार हमले बोल रहा है, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से भी तीखा पलटवार किया जा रहा है। हालांकि पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने ऐसा बयान दिया, जिससे आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने सिखों का अपमान किया है। उन्हें पंजाब के सिक्खों से और गुरु महाराज से माफी मांगनी चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज अखबारों में कई वैज्ञानिकों ने साफ कर दिया है कि दिल्ली के प्रदूषण में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पराली को मिला लिया जाए तो मात्र एक प्रतिशत योगदान है। सरकार जो दावे कर रही है, उसमें कोई भी सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अंदर जो पराली है, वह पिछले पांच सालों में सबसे कम है, सिर्फ 357 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता की सरकार पर डेटा से छेड़छाड़, झूठ बोलने और चोरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब का सिख जान दे देगा, लेकिन हिंदू त्योहार को खराब करने के लिए पराली जलाएगा, यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने सिखों का अपमान किया है। उन्हें सिखों से और गुरु महाराज से माफी मांगनी चाहिए।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिया था ये बयान
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब में पराली जलाने के कथित वीडियो दिखाए थे। उन्होंने कहा था कि पंजाब के किसानों को आम आदमी पार्टी की सरकार पराली जाने के लिए मजबूर करती है। दिवाली की रात पराली जलाने की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई हैं।
जब न्यूज एजेंसी एएनआई ने इंटरव्यू के दौरान ऐसा सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि पराली जलाने का धुआं हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी आता है। ऐसा नहीं है कि यह नहीं आता... मैंने पंजाब का जिक्र नहीं किया। मैंने कहा कि पंजाब में जानबूझकर पराली जलवाई जा रही है। उनका इशारा आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान की तरफ था। यहां पढ़िये संबंधित खबर
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।