Noida Murder: नोएडा में शादी से इनकार करने पर प्रेमिका को मारी गोली, आरोपी बिहार से गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या करने वाले आरोपी को बिहार के भोजपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
नोएडा में गर्लफ्रेंड की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
Noida Murder: नोएडा में प्रेमिका की हत्या कर फरार होने वाले आरोपी को नोएडा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। फेज-2 थाने की पुलिस ने याकूबपुर गांव में प्रेमिका की हत्या करने के आरोपी को बिहार के भोजपुर जिले से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय कृष्ण कुमार बिहार के भोजपुर जिले के टाउन आरा का रहने वाला है।
डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी ने इस बारे में बताया कि याकूबपुर गांव में रहने वाली 25 वर्षीय युवती सोनू उर्फ सोनी और बिहार के रहने वाले कृष्ण कुमार में प्रेम प्रसंग था। कृष्ण कुमार ने सोनू से शादी करने की बात की, तो सोनू ने इनकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर कृष्ण कुमार ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर ही युवती की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। वो गुजरात और बिहार में कई अलग-अलग ठिकानों पर छिपता रहा।
हालांकि शनिवार को बिहार पुलिस और नोएडा पुलिस ने मिलकर आरोपी को बिहार के भोजपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लाया गया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाई गई पिस्तौल को बरामद किया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतका सोनू अमरोहा के आदमपुर की रहने वाली थी। वो नोएडा के याकूबपुर गांव में अपनी बहनों और भाई के साथ किराये के मकान में रहती थी। वो काफी समय से कृष्ण कुमार को जानती थी।
सोनू एक घर में घरेलू सहायिका का काम करती थी। इससे पहले वो जहां पर काम करती थी, कृष्ण कुमार भी वहीं पर काम किया करता था। इसी दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गए। बीते काफी समय से कृष्णा अपनी प्रेमिका सोनू से शादी करने की बात कह रहा था लेकिन सोनू ने मना कर दिया और कृष्णा से बात करनी भी बंद कर दी। 28 नवंबर की रात को कृष्णा सोनू के घर पहुंचा और शादी का प्रस्ताव रखा। सोनू ने इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसके सीने में गोली मार दी।
गोली की आवाज सुन लोग इकट्ठे होने लगे। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोप है कि उसने मृतका की बहन पर भी जानलेवा हमला किया। हालांकि पिस्तौल में गोली फंसने के कारण उसकी जान बच गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने पिस्तौल सेक्टर-85 की झाड़ियों में छिपा दी थी।