JNUSU Election Results 2025: जेएनयू छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष समेत 4 पदों पर लेफ्ट की ऐतिहासिक जीत, लहराया परचम
JNUSU Election Result 2025: जेएनयू छात्र संघ चुनाव के नतीजे गुरुवार शाम घोषित हो गए। देखें पूरा रिजल्ट!
जेएनयू छात्र संघ चुनाव के नतीजे।
JNUSU Election Result 2025 Live: राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना हो चुकी है। गुरुवार को सेंट्रल पैनल के 4 पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और लेफ्ट गठबंधन (AISA, SFI, DSF) के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला सभी 4 पदों पर लेफ्ट के उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया। नीचे देखें चुनाव के नतीजों की सारी अपडेट्स...
लेफ्ट यूनिटी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) चुनाव 2025 में एक बार फिर जीत हासिल की है, और एबीवीपी के अपने समकक्षों पर स्पष्ट अंतर से चारों प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है।
- अध्यक्ष पद पर लेफ्ट गठबंधन की अदिति मिश्रा ने 1,861 वोटों के साथ शीर्ष पद हासिल किया। उन्होंने एबीवीपी के विकास पटेल को हराया, जिन्हें 1,447 वोट मिले।
- उपाध्यक्ष पद पर के. गोपिका ने 2,966 वोट हासिल करके लेफ्ट को निर्णायक जीत दिलाई, जबकि एबीवीपी की तान्या कुमारी 1,730 वोटों के साथ पीछे रहीं।
- महासचिव पद पर कांटे की टक्कर में, लेफ्ट के सुनील यादव ने 1,915 वोटों के साथ जीत हासिल की, और एबीवीपी के राजेश्वर कांत दुबे को पीछे छोड़ दिया, जिन्हें 1,841 वोट मिले।
- दानिश अली ने संयुक्त सचिव पद पर 1,991 वोटों के साथ जीत हासिल कर वामपंथियों की जीत को और मजबूत किया। उन्होंने एबीवीपी के अनुज दमारा को हराया, जिन्हें 1,762 वोट मिले।
एक दशक से भी ज़्यादा समय के बाद, कोमल देवी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पैनल चुनावों में स्कूल ऑफ़ सोशल साइंसेज (SSS) के लिए पार्षद पद पर जीत हासिल की है। ये JNU परिसर में BAPSA की एक ऐतिहासिक जीत है। उनकी जीत के बाद उनके समर्थकों ने "जय भीम!", "जय सावित्री!" और "जय जौहर!" के नारे लगाए।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयूएसयू) चुनाव 2025 की मतगणना के दौरान लेफ्ट यूनिटी के सदस्यों के बीच हल्की हाथापाई की खबर आई। ये घटना उस जगह पर हुई, जहां वोटों की गिनती चल रही है। हाथापाई ने परिसर के सुरक्षाकर्मियों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। व्यवस्था बहाल करने के लिए तुरंत हस्तक्षेप किया गया। बता दें कि समूह के भीतर किसी मतभेद के कारण ये विवाद हुआ। विश्वविद्यालय के अधिकारियों और चुनाव अधिकारियों ने छात्रों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया है। इसके बाद मतगणना स्थल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
JNUSU Election Results 2025 Live:
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (JNUSU) चुनाव के लिए 5,290 मतों की गिनती हो चुकी है। इस दौरान लेफ्ट पैनल ने सभी प्रमुख पदों पर बड़ी बढ़त बना ली है।
अध्यक्ष:
लेफ्ट गठबंधन की अदिति मिश्रा ने 1,747 वोटों के साथ महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। उन्होंने एबीवीपी के विकास पटेल को पीछे छोड़ा, जिन्हें 1,385 वोट मिले हैं।
उपाध्यक्ष:
लेफ्ट उम्मीदवार के. गोपिका 2,774 वोटों के साथ आगे हैं। एबीवीपी की तान्या कुमारी को 1,657 वोट मिले हैं।
महासचिव:
कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में, लेफ्ट पैनल के सुनील यादव, एबीवीपी के राजेश्वर कांत दुबे से 38 वोटों के मामूली अंतर से आगे हैं।
संयुक्त सचिव:
लेफ्ट उम्मीदवार दानिश अली को 1,854 वोट मिले हैं। वह एबीवीपी के अनुज दमारा से 161 वोटों से आगे हैं, जिन्हें 1,693 वोट मिले हैं।
संयुक्त सचिव के पद पर एबीवीपी उम्मीदवार अनुज दमारा फिर पीछे हो गए हैं। अभी तक की गिनती में उन्हें 1,684 वोट मिले हैं, जबकि लेफ्ट के उम्मीदवार दानिश अली ने 1,777 वोटों के साथ बढ़त हासिल कर ली है।
जेएनयू छात्र संघ चुनाव में महासचिव के पद पर एक बार फिर लेफ्ट और एबीवीपी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। एबीवीपी के उम्मीदवार राजेश्वर कांत दुबे ने 1,726 वोटों के साथ बढ़त हासिल कर ली है। वहीं, लेफ्ट के उम्मीदवार सुनील यादव 1,704 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
5,490 वोटों की गिनती के बाद उपाध्यक्ष पद पर लेफ्ट की के. गोपिका ने 2,592 वोटों के साथ काफी अच्छी बढ़त बना ली है। वहीं, तान्या कुमारी 1,615 वोट के साथ दूसरे नंबर हैं।
लेफ्ट गठबंधन की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अदिति मिश्रा 1,643 वोटों के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं। वहीं, एबीवीपी के विकास पटेल 1,344 वोटों के साथ दूसरे नंबर और पीएसए की शिंदे विजयालक्ष्मी 1,081 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
उपाध्यक्ष पद के लिए लेफ्ट यूनिटी की उम्मीदवार गोपिका बाबू ने कहा कि एबीवीपी के पीछे पूरी आरएसएस मशीनरी है, चाहे वह केंद्र सरकार हो, राज्य सरकार हो, रेक्टर हो, प्रॉक्टर हो, छात्रसंघ अध्यक्ष हो, या फिर जेएनयू के कुलपति हों, जो खुद कहती हैं कि वह बाल सेविका थीं और आरएसएस को उनका समर्थन प्राप्त है।
JNUSU Election Results 2025 Live:
महासचिव पद की दौड़ में एनएसयूआई की प्रीति को 361 वोट मिले हैं। राजेश्वर कांत दुबे (एबीवीपी) 1,496, सुनील यादव (लेफ्ट) 1,367 और शुएब खान (बाप्सा) 592 वोटों के साथ आगे हैं। गोपी कृष्णन यू (एआईएसएफ) को 196 वोट मिले हैं। नोटा, खाली और अमान्य मतपत्रों का टोटल 328 वोट है।