Delhi Crime: दिल्ली में इंसानियत अब जिंदा नहीं? सड़क पर तड़पते युवक की मौत ने उठाया सवाल
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 30 जनवरी की रात की बताई जा रही है। सीसीटीवी से पता चला कि किसी ने उसकी मदद नहीं की। उलटा दो युवकों ने उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। पढ़िये पूरा मामला...
प्रतीकात्मक तस्वीर।
देश की राजधानी दिल्ली के विकास नगर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक युवक अचानक से सड़क पर गिर गया। राहगीरों ने उसकी मदद नहीं की, उलटा दो युवकों ने उसका मोबाइल लूटा और फरार हो गए। बाद में, इस शख्स को अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 30 जनवरी की रात की बताई जा रही है। सूचना मिली थी कि तड़के चार बजे एक शख्स सड़क पर गिर जाता है। उसे सांस लेने में दिक्कत आती है और उसके हाथ पैर कांपने लगते हैं। वह काफी देर तक तड़पता रहता है। इस दौरान कई लोग वहां से गुजरते हैं, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आता है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी में यह पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। सीसीटीवी से पता चला कि जब यह शख्स जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा था, उस दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं और उसकी जेब से उसका मोबाइल लेकर फरार हो जाते हैं। कुछ देर बाद दोबारा उसे लूटने के मकसद से आते हैं, लेकिन सीसीटीवी देखकर फरार हो जाते हैं।
डीसीपी आउटर सचिन शर्मा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी में दो युवक कैद हुए हैं, जिन्होंने उसका मोबाइल छीना था। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द ही उन्हें अरेस्ट कर लिया जाएगा। वहीं मृतक की शिनाख्त का भी प्रयास जारी है।