Traffic Jam Alert: दिल्ली-नोएडा रूट पर महीने भर झेलना पड़ेगा जाम...DND की दो लेन रहेंगी बंद
Noida Traffic Advisory: डीएनडी फ्लाईवे पर मरम्मत काम की वजह से दिल्ली से नोएडा रूट पर एक महीने तक जाम देखने को मिल सकता है। इसको लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली-नोएडा रूट पर महीने भर झेलना पड़ेगा जाम।
Delhi-Noida Traffic Jam Alert: दिल्ली से नोएडा जाने वाले रूट पर अगले एक महीने तक वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ेगा। नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले डीएनडी (दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट) फ्लाइवे पर मरम्मत का काम रविवार (9 नवंबर) की रात से शुरू हो गया है। पहले चरण में दिल्ली से नोएडा आने वाली सड़क की मरम्मत की जा रही है।
इसके लिए रोजाना डीएनडी पर रात और दोपहर के समय 11 घंटे तक काम होगा। इस दौरान डीएनडी की 2 लेन बंद की जाएंगी। इसको लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया कि मरम्मत कार्य के चलते डीएनडी फ्लाईवे पर वाहन चालकों का जाम का सामना करना पड़ सकता है। पढ़ें पूरी एडवाइजरी...
इस रूट पर लगेगा जाम
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया कि 9 नवंबर की रात से नोएडा टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड द्वारा मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। नोएडा पुलिस के अनुसार, रात 11 बजे से सुबह 6 बजे और फिर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक डीएनडी फ्लाईवे कैरिजवे पर मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम किया जाएगा।
इसके चलते आश्रम रोड (दिल्ली) से नोएडा आने वाले मार्ग पर, डीएनडी फ्लाईवे से नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे/रजनीगंधा की ओर जाने वाले रूट पर ट्रैफिक जाम लगने की संभावना है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
कब तक चलेगा मरम्मत का काम?
जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में दिल्ली से नोएडा आने वाली सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। इसके बाद नोएडा से दिल्ली की ओर से जाने वाले कॉरिडोर की मरम्मत का काम किया जाएगा। पहले चरण के तहत करीब 1 महीने तक मरम्मत का काम किया जाएगा। इस दौरान रात में 11 बजे से सुबह 6 बजे तक 2 लेन और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एक लेन को बंद किया जाएगा। इससे वाहन चालकों को थोड़ी कम परेशानी होगी। बता दें कि डीएनडी फ्लाईवे दिल्ली से नोएडा के बीच काफी अहम मार्ग है, जिससे रोजाना लगभग 5 लाख वाहन गुजरते हैं।
सूरजपुर में भी जाम की समस्या
इसके अलावा नोएडा के सूरजपुर इलाके में भी अगले कुछ दिनों तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा सूरजपुर कासना मार्ग पर (80 मीटर चौड़ी सड़क पर) सूरजपुर से एल.जी. रोटरी तक रिसर्फेसिंग का काम किया जा रहा है। इसके चलते 80 मीटर चौड़ी सड़क (सूरजपुर से कासना रोड) पर सूरजपुर से एल.जी. गोलचक्कर (एल.जी. रोटरी) तक यातायात प्रभावित रहेगा। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।