Delhi Metro Timing Change: दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव, 21 जून को सुबह 4 बजे से चलेंगी ट्रेनें
Delhi Metro Timing: शनिवार (21 जून) को इंटरनेशनल योग दिवस मनाया जाएगा। इसके चलते DMRC ने 21 जून को दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव किया है।
Delhi Metro Timing: 21 जून 2025 को पूरे विश्व में इंटरनेशनल योग दिवस मनाया जाएगा। राजधानी दिल्ली में भी कई जगहों पर योग के प्रोग्राम किए जाएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी खास तैयारी की है। DMRC ने मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव किया है। इसके मुताबिक, 21 जून यानी शनिवार को सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
बता दें कि यह टाइमिंग दिल्ली मेट्रो के सभी रूट पर लागू होगा। DMRC ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। हालांकि इस दिन यात्रियों को थोड़ी परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है क्योंकि एक मेट्रो जाने के बाद दूसरी मेट्रो में आने में ज्यादा समय लगेगा।
30 मिनट के गैप पर मिलेगी मेट्रो
DMRC ने पोस्ट में बताया कि इंटरनेशनल योग दिवस के अवसर पर योग के लिए उत्साही लोगों के आवागमन की सुविधा के लिए यह फैसला लिया गया है। शनिवार को सभी आरंभिक स्टेशनों से दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी। साथ ही यह भी बताया गया कि रोजाना के टाइम टेबल के अनुसार, सुबह 4 बजे से लेकर यात्री सेवाओं के शुरू होने तक सभी लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
दिल्ली में होगा योग का भव्य आयोजन
दिल्ली में 11 साल बाद इंटरनेशनल योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने दिल्ली में 11 जगहों पर योग प्रोग्राम करवाने की तैयारी की है। इसका मुख्य आयोजन दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में किया जाएगा, जहां पर 10 हजार से ज्यादा लोग एक साथ योग करेंगे। सीएम रेखा गुप्ता यमुना तट पर योग प्रोग्राम में हिस्सा लेंगी।