Politics: 'सांता क्लॉज' के साथ पुलिस थाने पहुंचे सौरभ भारद्वाज, बदसलूकी करने वालों का नाम बताया
अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन के बाहर सौरभ भारद्वाज और 'सांता क्लॉज' को देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। दोनों ने मिलकर पुलिस को शिकायत दी। जानिये क्या है शिकायत...
सांता क्लॉज के साथ अमर कॉलोनी थाने पहुंचे सौरभ भारद्वाज।
ईसाई समुदाय के पवित्र प्रतीक 'सांता क्लॉज' के कथित अपमानजनक चित्रण करने पर आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पलटवार किया है। वे आज 'सांता क्लॉज' की वेशभूषा पहने कई कार्यकर्ताओं के साथ अमर काॅलोनी पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने पुलिस को क्रिसमस पर लाजपत नगर में महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ शिकायत दी। कहा कि अगर बदसलूकी करने वालों के खिलाफ केस दर्ज नहीं होता तो कोर्ट जाएंगे।
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर लिखा, 'आज दिल्ली पुलिस में असामाजिक तत्वों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने (जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था) के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह घटना दिल्ली के लाजपत नगर के पास हुई। सांता क्लॉज हमारे साथ पुलिस स्टेशन गए ताकि हम 'वास्तविक' एफआईआर दर्ज करा सकें, न कि कोई मामूली एफआईआर।'
उन्होंने आगे लिखा, 'पूरी दुनिया ने क्रिसमस मना रही महिलाओं को गुंडागर्दी करते लोगों के वीडियो देखे हैं। धमकियां, गालियां और डराने-धमकाने की घटनाएं हुईं। बाद में एसएचओ ने घटनास्थल का दौरा किया, फिर भी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आज अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।' उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि वे एफआईआर दर्ज नहीं करने देंगे। वीडियो में पहचाने वाले कुछ नाम भी दिए गए हैं। यदि एफआईआर दर्ज नहीं होती तो हम अदालत का रुख करेंगे।
यह है पूरा मामला
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो लाजपत नगर का बताया जा रहा है, जहां कथित रूप से बजरंग दल के सदस्यों और क्रिसमस मना रही महिलाओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली। आरोप है कि ये महिलाएं इलाके के लोगों को धर्म परिवर्तन और ईसाई धर्म फॉलो करने के लिए प्रचार कर रही थी, इसलिए उन्हें वहां से जाने को कहा गया। उधर, सोशल मीडिया पर कई लोग इस घटना को धार्मिक असहिष्णुता बता रहे हैं। फिलहाल मामले की लिखित शिकायत पुलिस के पास पहुंच चुकी है।
आप नेताओं पर FIR का बदला?
क्रिसमस पर सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और आदिल अहमद ने क्रिसमस पर विवादित पोस्ट की थी। उसमें 'सांता क्लॉज' को प्रदूषण की वजह से गिरते दिखाया गया था। सांता क्लॉज ईसाई धर्म के पवित्र प्रतीक हैं। एक वकील ने इसके खिलाफ शिकायत दी थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीनों नेताओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
समाप्त