बूथ विजय संकल्प अभियान : विधायक चंद्राकर ने सिलघट से की शुरुआत, बोले- पूरे देश में लहराने वाला है बीजेपी के सुशासन का झंडा 

कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने एकदिवसीय बूथ विजय अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने आगे कहा कि, बूथ विजय संकल्प अभियान देश भर में भाजपा का झंडा लहराने का आगाज है।

By :  Ck Shukla
Updated On 2024-03-30 20:18:00 IST
बीजेपी का झंडा फहराते विधायक अजय चंद्राकर

यशवंत गंजीर-कुरुद। छत्तीसगढ़ में शनिवार को बीजेपी ने एकदिवसीय बूथ विजय अभियान की शुरुआत की है। जहां लोकसभा चुनाव संकुल प्रभारी और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने सिलघट से भाजपा के बूथ विजय अभियान की शुरुआत की। इस दौरान चंद्राकर ने यहां भाजपा का झंडा लगाया। 

बूथ विजय अभियान के मौके पर विधायक चंद्राकर ने कहा कि, पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में भाजपा के आह्वान पर बूथ विजय अभियान का शुभारंभ हो रहा है। इसमें हर घर में भाजपा का झंडा लगाना है और अपने अपने बूथ में भाजपा को जिताने का संकल्प लेना है। उन्होंने आगे कहा कि, बूथ विजय संकल्प अभियान देश भर में भाजपा का झंडा लहराने का आगाज है। 2024 चुनाव में पूरे देश में भाजपा के सुशासन का झंडा लहराने वाला है। मोदी सरकार के नेतृत्व में सुशासन स्थापित करते हुए देश ने नए आयाम स्थापित किए हैं और पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। 

विकसित भारत की ओर देश अग्रसर 

विधायक श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि, आज पूरा भारत देश विकसित भारत संकल्प की ओर अग्रसर है। बीजेपी के आव्हान पर आज सभी कार्यकर्ता भाजपा का झंडा घर घर पर लगा रहे हैं। यह आने वाली जीत का संकल्प है, जिसमें तीसरी बार पुनः केंद्र में बीजेपी की मोदी सरकार नेतृत्व करने वाली है। पुनः भारत देश को समृद्धि की ओर अग्रसर करेगा। वहीं इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद यदु, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम सिन्हा समेत सिलघट एवं आसपास गांवों के भाजपाई उपस्थित थे।

Similar News