'एक दिया कौशल्या के राम के नाम' : रेणुका सिंह की अपील, छत्तीसगढ़ के भांचा प्रभुश्री राम के नाम जलाएं एक दिया

प्रदेशवासियों से राम मंदिर उद्घाटन के दिन 'एक दिया कौशल्या के राम के नाम' छत्तीसगढ़ के भांचा प्रभु श्रीराम के नाम जलाने की अपील की है।

Updated On 2024-01-11 12:39:00 IST
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व भरतपुर सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने एक अच्छी पहल की है।

रविकांत सिंह राजपूत-मनेन्द्रगढ़। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व भरतपुर सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने एक अच्छी पहल की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रदेशवासियों से राम मंदिर उद्घाटन के दिन 'एक दिया कौशल्या के राम के नाम' छत्तीसगढ़ के भांचा प्रभु श्रीराम के नाम जलाने की अपील की है।
 रेणुका सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह लिखा है कि, प्रभु श्री राम ने छत्तीसगढ़ में जहां से अपने पाँव पखारे, वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम और माता सीता के छत्तीसगढ़ में पहले कदम भरतपुर-सोनहत विधानसभा में पड़े तब से ही यह भूमि पुण्य भूमि हो गई। मेरा सौभाग्य है कि, यहां की जनता ने मुझे आशीर्वाद दिया। रेणुका सिंह ने लिखा है कि, जिस मवई नदी को पार कर श्रीराम ने छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया, उस नदी में खेलकर मेरा भी बचपन बीता।

 

 हमारी पीढ़ी है सौभाग्यशाली 

छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। वनवास के दौरान श्रीराम भगवान ने छत्तीसगढ़ में 12 वर्ष बिताए। रेणुका सिंह ने आगे लिखा है कि, 500 वर्षों के अन्तराल के बाद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर रामलला 22 जनवरी को विराजने जा रहे हैं। इन 500 वर्ष के दौरान भारत की करीब 25 पीढ़ियों ने राम मंदिर के मुद्दे पर देश के संघर्ष को देखा। हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि, हमारे सामने राम मंदिर निर्माण का सपना साकार होने जा रहा है। 

यह राष्ट्रीय स्वाभिमान के जागरण का उद्घोष 

विधायक रेणुका सिंह ने प्रदेशवासियों व अपने विधानसभा क्षेत्र के परिजनों से यह आग्रह किया है कि, अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं है, अपितु राष्ट्रीय स्वाभिमान के जागरण का उद्घोष भी है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के साथ ही भारत देश को दुनिया के सामने एक समर्थ शक्तिशाली एवं समृद्ध भारत के रूप में खड़ा करना है। रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए मैं आप सभी से आग्रह करती हूं कि, 22 जनवरी को अपने घर के बाहर दो दीपक जलायें एक भगवान श्रीराम के नाम और एक राष्ट्र के नाम। 

मोदी जी की अपील पर करें अमल

पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधायक रेणुका सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से की गई अपील पर अमल करने की बात कहते हुए कहा, कि 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन से अपने आस पास के मंदिरो में स्वच्छता अभियान चलाए। मन्दिर परिसरों को साफ सुथरा रखे। रेणुका सिंह ने कहा, कि 22 जनवरी ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। प्रभु श्रीराम का स्वागत अपने अपने घरों में दीप जलाकर करे।

Tags:    

Similar News