रायपुर में भव्य कांवड़ यात्रा: सीएम साय ने भगवान शिव का किया रूद्राभिषेक, डॉ. रमन सिंह और सांसद अग्रवाल भी हुए शामिल
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान शिव का रूद्राभिषेक किया। साथ ही पूजन- अर्चन कर प्रदेशवासियों की समृद्धि और सुख-शांति कामना की।
कांवड़ यात्रा में शामिल हुए सीएम विष्णुदेव साय, डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। सीएम साय यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही बड़ी संख्या में भोले बाबा के भक्त यात्रा में शामिल हुए हैं। यह कांवड़ यात्रा गुढियारी हनुमान मंदिर से हटकेश्वरनाथ मंदिर तक की गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, आज मारूति मंगलम भवन, गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक हजारों की संख्या में कांवड़िए जलाभिषेक हेतु रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने का कार्य करता है और हमारे लोक-विश्वास की गहराई को प्रकट करता है। सावन महीने में कांवड़ यात्रा शिवभक्तों की आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है, जिसमें श्रद्धालु कई-कई किलोमीटर पदयात्रा कर भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं।
श्रद्धा और संस्कृति का अद्वितीय संगम- सीएम साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि, रायपुर के महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व अत्यंत गहरा है। यहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में जलाभिषेक हेतु एकत्र होते हैं। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ की धरती भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का अद्वितीय संगम है। कांवड़ यात्रा जैसी आयोजन न केवल परंपरा को सहेजते हैं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का भी संदेश देते हैं।