अबूझमाड़ में सबसे बड़ी सफलता: सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के जनरल सेक्रेटरी 1 करोड़ के ईनामी बशव राजू समेत 30 मार गिराए
अबूझमाड़ में बुधवार को सुरक्षाबलों को सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़े नक्सल लीडर्स में से एक बशव राजू समेत 30 नक्सली मारे गए हैं। एक जवान घायल हुआ है और एक सहयोगी शहीद हुआ।
जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़
गणेश मिश्रा-बीजापुर। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में ब़ुधवार 21 मई की सुबह पुलिस के जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ चल रही है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने ऐतिहासिक सफलता पाई है। नक्सल मोर्चे पर इतिहास रचते हुए, जिस नक्सली नेता की देश भर की सुरक्षा एजिंसीयो को तलाश थी उसे DRG के जवानों ने मार गिराया। एक करोड़ का ईनामी नक्सली नेता नक्सल कमेटी के जनरल सेक्रेटरी नम्बाला केशव राव उर्फ बशव राजू समेत अब तक 30 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ में कई अन्य (CC) सेंट्रल कमेटी के मेम्बर्स के भी मारे जाने की खबर है। वहीं इस मुठभेड़ में 1 जवान घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस बल का 1 सहयोगी इस मुठभेड़ में शहीद हुआ है।
तस्वीर - मारा गया नक्सल नेता बशव राजू
50 घंटे तक चला आपरेशन, 1 जवान घायल, 1 सहयोगी शहीद : गृहमंत्री
वही नक्सलियों के खिलाफ बस्तर में पुलिस को मिली इस सबसे बड़ी सफलता पर बात करते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि, नारायणपुर, बीजापुर के संयुक्त क्षेत्र में मुठभेड़ हुई है। श्री शर्मा ने बताया कि, 50 घंटों से सर्च ऑपरेशन चल रहा था। बड़े कैडर के नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि, मुठभेड़ अब खत्म हो गई है, केवल मुठभेड़ स्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने बताया कि, एक जवान घायल है लेकिन वह खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस बल का एक यहयोगी इस मुठभेड़ में शहीद हुआ है। गृहमंत्री श्री शर्मा ने इस बड़ी सफलता पर सुरक्षा बलों के जवानों को बधाई दी है।
नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा जिलों के डीआरजी जवान शामिल
इस आपरेशन में नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के डीआरजी जवानों के शामिल होने की जानकारी मिली है। माड़ के भीतरी इलाके में सुबह से जवानों ने नक्सलियों के बड़े लीडरों को घेरा है।
सरेंडर के लिए अब और अपील की जरूरत नहीं : सीएम साय
अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों को मिली सबसे बड़ी सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि, तीन दिन से यह ऑपरेशन चल रहा था। क्षेत्र की सर्चिंग पूरी होने के बाद सही आंकड़े आयेंगे। उन्होंने जवानों के साहस को नमन करते हए कहा कि, हम शुरू ही सरेंडर करने की अपील कर रहे है, अब इसमें और अपील की आवश्यकता नहीं है।
हफ्तेभर पहले हुए ऑपरेशन में 31 नक्सली ढेर
उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सरकार और जवानों ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी के तहत पिछले दिनों सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन लॉन्च किया गया था। यह ऑपरेशन 21 दिन तक चला जिसमें 21 बार मुठभेड़ हुई और जवानों 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया।
CRPF के DG और छत्तीसगढ़ DGP ने दी जानकारी
अभियान को लेकर CRPF के DG और छत्तीसगढ़ DGP ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी थी। अधिकारियों ने बताया कि, इस ऑपरेशन में अब तक 31 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों पर एक करोड़ 72 लाख रुपयों का इनाम था वहीं 18 जवान घायल हुए हैं। कर्रेगुट्टा पहाड़ और रास्तों से 35 रायफल और 450 IED बरामद किए गए। नक्सलियों ने पहाड़ियों पर दो सालों तक का राशन जमा कर रखा था। उनके पास से 12000 किलो राशन बरामद किया गया। नक्सलियों के 214 बंकर और ठिकाने नष्ट किये गए।
ये हथियार हुए बरामद
इस ऑपरेशन में नक्सलियों द्वारा बनाए गए छोटे- बड़े सैकड़ों BGL सेल, इंसास रायफल, एसएलआर रायफल, मजल लोडिंग रायफल, 315 बोर रायफल, सिंगल शॉट, 303 रायफल, डेटोनेटर, तार और बड़ी मात्रा में गोलियां बरामद की गई हैं।