भूपेश बघेल ने मनाया जन्मदिन: कहा - ईडी मेरे घर आए इसके बदले हम उनके दफ्तर के पास आ गए
सुभाष स्टेडियम में पोला त्योहार और जन्मदिन के मौके पर भूपेश बघेल ने कहा कि ईडी हमारे जन्मदिन पर छापा मारती है।
भूपेश ने ईडी दफ्तर के सामने मनाया जन्मोत्सव
रायपुर। सुभाष स्टेडियम में पोला त्योहार और जन्मदिन के मौके पर भूपेश बघेल ने कहा कि ईडी हमारे जन्मदिन पर छापा मारती है। पिछले साल 23 अगस्त को मेरे जन्म दिन पर छापा मारा था। उस समय विनोद वर्मा और अन्य लोगों के घरों पर छापा मारा था। ईडी ने मेरे बेटे के जन्म दिन पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने ईडी की कार्रवाई तंज कसते हुए कहा कि हम पिछले 3 सालों से देख रहे हैं, जब-जब हमारे यहां किसी का जन्मदिन होता है ईडी वाले छापा डालने आ जाते हैं। मेरे बेटे के जन्मदिवस के दिन भी ईडी ने छापा मार दिया।
हम देख रहे हैं कि ईडी हर बार जन्मदिन पर आती ही है तो साथियों ने कहा कि भैया हर बार ईडी वाले आ जाते हैं, इस बार हम ही उनके पास चले जाते हैं ना, इसलिए इस बार ईडी कार्यालय के सामने सुभाष स्टेडियम में यह आयोजन हो रहा है। आज इतना बड़ा आयोजन हो रहा है, प्रदेश भर से नेतागण आए हैं। ईडी के अधिकारी ऊपर से सुन भी रहे हैं, तो वे एक सूची दे दें, हम ही आ जाते हैं उनके कार्यालय में।
बघेल के बयान पर अरुण साव का पलटवार
वहीं 21 अगस्त बुधवार को साय कैबिनेट में तीन नए चेहरे शामिल हुए। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने इसे असंवैधानिक करार दिया था। बघेल के बयान पर अब प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार किया है। साव ने कहा- छत्तीसगढ़ के विकास से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है।
कांग्रेस नेताओं को अपना नजरिया बदलने की जरुरत है - अरुण साव
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा- कांग्रेस के नेताओं को अपना नजरिया बदलने की जरुरत है। कांग्रेस नेताओं को मालूम है हरियाणा में भी यह हुआ था। कांग्रेस के लोग ना संविधान को मानते हैं ना कानून को, उन्हें सब जगह लगता है यह संविधान के अनुरूप नहीं है। अरुण साव ने आगे कहा- 3 करोड़ जनता को लक्ष्य कर विभागों का बंटवारा हुआ।
मंत्रिमंडल में युवाओं को मिला मौका - अरुण साव
मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अरुण साव ने कहा- लोगों के जीवन में खुशहाली आ सके यह ध्यान रखा गया। युवा, ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को मौका मिला है। पदों की संख्या सीमित है इसलिए समन्वित टीम बनी है। सब मिलकर छग की तरक्की, बेहतरी के लिए काम करेंगे।
संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे कांग्रेसी
वोट चोरी मामले में कांग्रेस की रैली को लेकर अरुण साव ने कहा-वोट चोरी की बात कहकर कांग्रेस जनता का अपमान कर रहे हैं। यह लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं का भी अपमान है। चुनाव परिणाम के लंबे समय बाद यह कहना जनता का अपमान है।