सीतापुर का 3 करोड़ का बिजली बिल स्कैम: नए थाना प्रभारी ने खोला घोटाले का राज़, 4 साल बाद दो आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार
सीतापुर के चर्चित ₹2.94 करोड़ के बिजली बिल घोटाले में चार साल बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन अधिकारी-कर्मचारी अभी भी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी
अनिल उपाध्याय- सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में 2019 से 2021 के बीच हुए बहुचर्चित बिजली बिल घोटाले में चार साल बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग ₹2.94 करोड़ के इस आर्थिक घोटाले में शामिल पांच में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
घोटाले का खुलासा और विभागीय जांच
सीतापुर, पेटला और मैनपाट विद्युत वितरण केंद्रों में बिजली बिलों में हेराफेरी करके करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया था। विभागीय जांच में पाया गया कि तत्कालीन सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार पन्ना, कार्यालय सहायक गणेश सिंह, अरविंद सागर, लाइनमैन सुनील केरकेट्टा और कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीकांत खलखो इस घोटाले में सीधे तौर पर शामिल थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर 19 जनवरी 2021 को सभी पांच आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
चार साल तक फाइल धूल खाती रही
मामला दर्ज होने के बाद घोटाले की फाइल चार साल तक पुलिस थाने में बिना कार्रवाई के पड़ी रही। कई थाना प्रभारी और अधिकारी बदले, लेकिन किसी ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गंभीर पहल नहीं की। इस बीच घोटाले के आरोपी अधिकारी अन्य जिलों में नियमित रूप से सेवा देते रहे-
सहायक अभियंता कोरिया
गणेश सिंह बलरामपुर
अरविंद सागर जशपुर
नए थाना प्रभारी ने फिर शुरू की कार्रवाई
थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने पदभार संभालते ही घोटाले की फाइल खोली और पहली कार्रवाई लाइनमैन सुनील केरकेट्टा की गिरफ्तारी से हुई। एक महीने बाद पुलिस ने दूसरा आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीकांत खलखो को भी दबिश देकर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, एएसआई अरुण गुप्ता, प्रआ नीरज पांडेय, नेतराम पैंकरा और राकेश यादव शामिल रहे।
अब भी तीन आरोपी फरार
घोटाले में शामिल तीन आरोपी- सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार पन्ना, कार्यालय सहायक गणेश सिंह मैं और कार्यालय सहायक अरविंद सागर अब भी फरार हैं। पुलिस इनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कहा की करोडों रुपये के बिजली बिल घोटाले में दो आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।बाकी अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस जुटी हुई है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।