कन्याओं के हाथों खुला आस्था का द्वार: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जमड़ी में भवानी मंदिर का लोकार्पण, उमड़े श्रद्धालु

सूरजपुर जिले के जमड़ी स्थित भवानी मंदिर में श्रद्धा और सनातन परंपरा के बीच भव्य मुख्य द्वार का वैदिक मंत्रोच्चार व कन्याओं द्वारा लोकार्पण किया गया।

Updated On 2026-02-06 17:53:00 IST

कार्यक्रम में शामिल हुए श्रद्धालुओं की तस्वीर

नौशाद अहमद- सूरजपुर। श्रद्धा, समर्पण और सनातन परंपरा की दिव्य छटा के बीच जमड़ी (भैयाथान) स्थित भवानी मंदिर में अब आस्था का एक नया अध्याय जुड़ गया। माता रानी की कृपा और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से निर्मित मंदिर का भव्य मुख्य द्वार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवती स्वरूपा कन्याओं के हाथों से लोकार्पित हुआ।

कन्याओं ने जैसे ही विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत द्वार का उद्घाटन किया, पूरा परिसर जय माता दी के जय घोष से गूंज उठा। यह लोकार्पण केवल एक स्थापत्य निर्माण का उद्घाटन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सामूहिक भक्ति का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया।


बड़ी संख्या में उपस्थित रहे भक्त-जन
वैदिक विधि-विधान, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुए इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से सराबोर कर दिया। श्री नवयुवक दुर्गा मंडल, सूरजपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में माता-भक्त, ग्रामीणजन और नागरिक सपरिवार उपस्थित रहे। लोकार्पण के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप सामूहिक भंडारे की व्यवस्था की गई थी, जिसमें भक्ति के साथ सामाजिक सौहार्द भी देखने को मिला।

मंडल के सभी सदस्य रहे उपस्थित
श्री नवयुवक दुर्गा मंडल के प्रमुख मदनलाल अग्रवाल ने कहा कि, यह मुख्य द्वार केवल ईंट-पत्थर का निर्माण नहीं, बल्कि माता भवानी के प्रति अटूट आस्था, युवाओं की सक्रिय सहभागिता और समाज की एकजुट भावना का प्रतीक है। उन्होंने इसे भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। आयोजन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के लिए मंडल के सभी सदस्य निर्धारित गणवेश में समय से पूर्व उपस्थित रहे।


आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान
पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुल मिलाकर, वैदिक मंत्रों की गूंज और कन्याओं के कर-कमलों से खुले इस द्वार ने न केवल मंदिर परिसर को, बल्कि उपस्थित हर श्रद्धालु के मन को भी आस्था और विश्वास से आलोकित कर दिया। इस आयोजन में धर्मवीर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नरेश बंसल, रमेश अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।

Tags:    

Similar News

पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक: सीएम साय बोले- स्थानीय जरूरतों और जनआकांक्षा के अनुरूप मंजूर होंगे विकास कार्य

बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की मंजूरी: सीएम साय बोले- इससे छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई गति

बलौदा बाजार में वृद्धा के साथ घिनौनी हरकत: शहर में हड़कंप, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया

रेत माफियाओं से वन विभाग की फिल्मी मुठभेड़: अमरकंटक बॉर्डर से ट्रक-कार जब्त, मौके से तस्कर फरार