हाईवा ने स्कूटी सवार महिला को रौंदा: नगर पालिका कर्मी है महिला, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

नवापारा में तेज रफ्तार हाईवा ने रॉंग साइड गाड़ी घुसाकर स्कूटी सवार महिला को चपेट में ले लिया। बुरी तरह से दोनो पैरों से कुचली गई महिला का एक पैर काटना पड़ा है।

Updated On 2025-10-08 20:01:00 IST

दुर्घटनाकारी ट्रक 

श्यामकिशोर शर्मा- नवापारा-राजिम। नवापारा में हाइवा से फिर एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे के आसपास नगर पालिका नवापारा की महिला कर्मचारी नंदनी साहू को एक अनियंत्रित हाईवा ने रौंद डाला।

मिली जानकारी के मुताबिक, नंदनी मेन रोड से होते हुए अपने स्कूटी क्रमांक सीजी 04 एमएल 4915 से मुक्तिधाम के पास मणिकंचन केंद्र जा रही थी। ये महिला बायीं तरफ अपने साइड में चल रही थी कि, तभी अचानक विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा क्रमांक सीजी 04 जेके 8246 रोड डिवाइडर को क्रास करते हुए रांग साइड में गाड़ी घुसाकर इस महिला को अपनी चपेट में ले लिया। महिला के दोनो पैर बुरी तरह से कुचल गए हैं।

लोगों ने ड्राइवर को जमकर पीटा
घटना के तत्काल बाद आसपास के लोग दौड़े। बुरी तरह से घायल महिला को उठाया और अस्पताल के लिए रवाना किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा चालक कुटेना गांव के रहने वाले परमेश्वर निषाद उम्र 30 वर्ष उस वक्त भागने के फिराक में था कि, सामने से आ रहे दौड़ते लोगों की भीड़ होने के कारण भाग नहीं पाया और मजबूरी में अपनी गाड़ी उन्हें रोकना पड़ा। गाड़ी के रूकते ही भीड़ में खड़े लोगों ने ड्राईवर की जमकर धुनाई की। खबर पाकर नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष संध्या राव तथा घायल महिला के परिजन घटना स्थल में पहुंचे। ईधर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू को जैसे ही पता चला वे नवापारा सरकारी अस्पताल पहुंचकर डॉ. से बात किया और उच्चस्तरीय इलाज के लिए एम्बुलेंस से रायपुर रवाना किया। 

लगातार हो रहे हादसे, स्थायी हल की मांग
बता दें कि, हाइवा से लगातार हो रही दुर्घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष संध्या राव सहित शहर के नागरिको ने काफी आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होने इस तरह से लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए प्रशासन और पुलिस का ध्यान आकर्षित करते हुए इस पर ठोस उपाय करने के लिए कहा है। मालूम हो कि हाइवे के दोनो साइड लगे सीसी टीवी कैमरे में ये दृश्य पूरी तरह से कैद हो गया है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि किस तरह से लापरवाहीपूर्ण गाड़ी चलाते हुए हाइवा चालक रांग साइड में गाड़ी घुसाकर महिला को चपेट में लिया है। बहरहाल नवापारा थाना के एसआई सुनील कश्यप इस मामले की विवेचना कर रहे है। हाइवा को जप्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
इस दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम की खबर पर नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची। उल्लेखनीय है कि शहर के बीच से निकलते हुए भी तेज रफ्तार हाइवा की गति कम नही होती। शहर के मेन रोड में ब्रेकर बनाने की मांग करते शहरवासी थक गए परंतु आज तक विभागीय अधिकारियो ने ध्यान नही दिया। जबकि भाजपा नेता अशोक बजाज ने साल भर पहले विभाग के उच्चाधिकारियो को ब्रेकर बनाने के लिए एक पत्र भी लिखा जिसका असर भी आज तक नही हुआ। परिणाम स्वरूप आए दिन इस मार्ग पर कहीं न कहीं दुर्घटना हो ही रही है जिसमें लोगो की जाने जा रही है। यह दुर्घटना भी शहर के भीतर मेन रोड में रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने हुई है। देखने में आता है कि हाईवा जैसे भारी भरकम वाहन को 16 से 20 साल के ऐसे नौसीखिए चालक चलाते दिखते हैं, अधिकांश के पास लायसेंस भी नहीं रहता। आज के इस दुर्घटना को देखकर हर किसी का दिमाग बहुत ज्यादा खराब हो गया है। नागरिको ने दिन में हाइवा जैसे बड़े वाहनो के चलाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग शासन-प्रशासन से किया है।

रायपुर के निजी हास्पिटल में चल रहा इलाज
नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू देर रात तक महिला के परिजनो के साथ उच्चस्तरीय इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में मौजूद हैं। उन्होने शासन स्तर में हर संभव मदद के लिए कहा है। देर रात घायल महिला के परिजनो ने बताया कि बांया पैर को घुटने तक काटकर अलग करना पड़ा है जबकि दाहिना पैर जंघा तक चार जगहो से फ्रेक्चर है जिनका आॅपरेशन दोपहर 3 बजे से जारी है।

Tags:    

Similar News