भारत की GDP ग्रोथ 8.2%: भाजपा प्रवक्ता चिमनानी बोले- 13 साल की सबसे कम महंगाई दर, यह चमत्कार नहीं मोदी मैजिक है
भारत की दूसरी तिमाही में 8.2% GDP ग्रोथ दर्ज होने पर BJP प्रवक्ता CA अमित चिमनानी ने इसे मोदी सरकार की दूरदर्शी आर्थिक नीति का परिणाम बताया और कहा कि यह मोदी मैजिक है।
भाजपा प्रवक्ता और CA अमित चिमनानी
रायपुर। देश की दूसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 8.2% दर्ज होने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता और चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित चिमनानी ने इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध, अस्थिरता और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की तेज रफ्तार ग्रोथ केंद्र सरकार के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है।
वैश्विक संकटों के बावजूद भारत सुरक्षित
सीए अमित चिमनानी ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध, पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव, नेपाल और बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल और अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते तनाव के कारण पूरी दुनिया आर्थिक अस्थिरता से जूझ रही है, लेकिन भारत ने खुद को इन नकारात्मक प्रभावों से “जादुई रूप से” सुरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि यह केवल “मोदी मैजिक” से ही संभव हो पाया है।
देश की आर्थिक मजबूती का प्रमाण
चिमनानी ने बताया कि वर्तमान समय में भारत के लगभग सभी सेक्टर्स में अभूतपूर्व तेजी देखने को मिल रही है-
- कृषि
- मैन्युफैक्चरिंग
- कंस्ट्रक्शन
- सर्विस सेक्टर
उन्होंने कहा कि भारत की GDP ग्रोथ यह स्पष्ट करती है कि नागरिकों की क्रय शक्ति बढ़ी है, लोग आर्थिक रूप से अधिक मजबूत हो रहे हैं और देश बेहतर जीवन स्तर की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
विपक्ष पर निशाना: 'देश में नकारात्मकता फैलाना बंद करे'
अमेरिका द्वारा बड़े टैरिफ लागू करने की घोषणा के बाद विपक्ष द्वारा पैदा किए गए माहौल का जिक्र करते हुए चिमनानी ने कहा, 'विपक्ष हमेशा देश के लिए नकारात्मक माहौल बनाता है, लेकिन भारत अब मजबूत नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। देश विरोधी एजेंडा चलाना बंद करें।'
रिकॉर्ड GDP ग्रोथ + 13 साल की सबसे कम महंगाई
चिमनानी ने कहा कि एक तरफ 8.2% की रिकॉर्ड GDP ग्रोथ और दूसरी तरफ 13 साल की सबसे कम महंगाई- दोनों मिलकर साबित करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियाँ ऐतिहासिक परिणाम दे रही हैं। और तो उन्होंने UPA सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासन में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था से एक पायदान भी आगे नहीं बढ़ पाया था।
आज भारत विश्व की 4th सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
चिमनानी ने दावा किया कि मोदी सरकार में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुँच जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की इस आर्थिक उड़ान में छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार का भी बड़ा योगदान है और राज्य ने राष्ट्रीय GDP में अभूतपूर्व हिस्सेदारी दी है।