ब्याजखोरी कर लोगों का आर्थिक शोषण: दंपति पर FIR दर्ज, अवैध लेन-देन और धमकी देने का आरोप
बलौदाबाज़ार पुलिस ने एक दंपति के खिलाफ अवैध लेन-देन और धमकी मामले में केस दर्ज कर लिया है। ब्याजखोरी के जाल में लोगों का आर्थिक शोषण कर रहे थे।
थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाज़ार
कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाज़ार जिला पुलिस ने एक दंपति पर अवैध वसूली मामले में गंभीर मामला दर्ज किया है। आरोपी हेमलाल सिन्हा और उसकी पत्नी पिंकी सिन्हा पर लंबे समय से अवैध रूप से पैसों का लेन-देन करते रहे हैं। साथ ही ब्याजखोरी के जाल में लोगों को फँसाकर न सिर्फ आर्थिक शोषण कर रहे थे, बल्कि पीड़ितों को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे।
यह मामला तब उजागर हुआ जब इनके जाल में फंसे बलौदा बाजार पुरानी बस्ती निवासी हेमंत कन्नौजे और उनकी पत्नी देवकी ने शिकायत दर्ज कराई। बताया कि, दंपति ने उनसे अवैध तरीके से लेन-देन किया और धमकाया। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दंपति के खिलाफ अपराध कायम कर लिया है।
आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
FIR दर्ज होने के बाद भी अब तक दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि, आरोपी दंपति अभी भी खुलेआम बलौदाबाज़ार में मौजूद हैं, फिर भी पुलिस उन्हें हिरासत में नहीं ले पा रही है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि, इतने गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस की धीमी कार्यवाही से यह संदेश जा रहा है कि आरोपी दंपति को किसी प्रकार का संरक्षण प्राप्त है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर पुलिस कब तक इस कुख्यात दंपति को गिरफ्तार करती है और पूरे मामले का खुलासा करती है।