भूमाफिया की धोखाधड़ी: गरीब महिला ने बेची अपनी 5.25 डिसमिल जमीन, धाखे से करवा ली 43 डिसमिल की रजिस्ट्री

कवर्धा जिले में भू माफियाओं ने गरीब और अनपढ़ महिलाओं को निशाना बनाकर जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। महिला ने कलेक्टर से रजिस्ट्री रद्द करने की मांग की है।

Updated On 2026-01-14 15:45:00 IST

गरीब महिला और उसके परिजन पहुंचे कलेक्ट्रेट 

संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में इन दिनों भूमाफियाओं का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। ताजा मामला घोटिया क्षेत्र का है, जहां शातिर भूमाफियाओं ने गरीब और अनपढ़ महिलाओं को निशाना बनाकर जमीन घोटाले को अंजाम दिया है। करीब 2 एकड़ से अधिक जमीन दिव्यांग महिला समेत कुल 6 महिलाओं के नाम दर्ज है।

आरोप है कि पैसों की जरूरत पड़ने पर महिलाओं के पतियों ने भूमाफिया से 2 लाख 40 हजार रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से महज 5.25 डिसमिल जमीन बेचने का सौदा किया था। लेकिन यहीं से शुरू हुआ धोखाधड़ी का खेल। पीड़ितों का कहना है कि भूमाफिया ने चालाकी से 5.25 डिसमिल की बजाय पूरे 43 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री करा ली। भरोसे का फायदा उठाते हुए महिलाओं और उनके पतियों से कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए और गरीब परिवारों को लाखों रुपये का चूना लगा दिया गया। 

महिला ने रजिस्ट्री रद्द करने की मांग
अब दिव्यांग महिला समेत सभी पीड़ित कलेक्टर कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं और फर्जी रजिस्ट्री को निरस्त करने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर ठग भूमाफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ितों का आरोप है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो उनका परिवार सड़क पर आ जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर जमीन घोटाले पर कब शिकंजा कसता है।

Tags:    

Similar News