शहीद देवेंद्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बोले- उनकी शहादत बस्तर के युवाओं के लिए है प्रेरणा
बस्तर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने माओवादी विस्फोट में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान देवेंद्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण किया।
शहीद देवेंद्र कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए किरण देव
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बस्तर जिले में के ग्राम धोबीगुड़ा (पो.आसना) के प्रायमरी स्कूल के प्रांगण में माओवादी बारुदी विस्फोट में शहीद देवेन्द्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने सम्बोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि, देवेन्द्र कुमार की शहादत बस्तर के नवजवानों को माओवाद के खात्मे के लिए सतत प्रेरित करती रही है।
सेठिया-परिवार ने प्रतिमा स्थापित किए जाने की पहल का स्वागत करते हुए किरण देव ने कहा कि, यह प्रतिमा हमें सतत नक्सलमुक्त बस्तर और यहाँ सुख-शांति व सर्वतोमुखी विकास के लिए प्रेरित करती रहेगी। देवेन्द्र कुमार और उन जैसे असंख्य जवानों की शहादत ने शांत छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया है।
आई.ई.डी विस्फोट में देवेन्द्र कुमार हुए थे शहीद
गौरतलब है कि, 8 नवंबर 1992 को धोबीगुड़ा में जन्मे देवेन्द्र कुमार (आत्मज : स्व. महेशराम व दयमती सेठिया) केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में 12 सितंबर 2013 को सिपाही/जीडी के पद पर ग्रुप केन्द्र बिलासपुर में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत क्रमशः 222/175 और 196 बटालियन में तैनात रहे। बीजापुर जिले के ऊसूर थानान्तर्गत गलगम क्षेत्र में मओवादियों द्वारा किए गए आई.ई.डी विस्फोट में 19 अप्रैल 2024 को शहीद हो गए। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए परिजनों की ओर से उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है जिसका अनावरण उनकी जन्मतिथि पर 8 नवम्बर 2025 को किया गया।