मूंगफली खाने को लेकर विवाद: बदमाशों ने पिता और दो बेटों को बोलेरो से कुचला, दो की मौत, एक गंभीर

सूरजपुर जिले में आपसी विवाद के चलते बदमाशों ने तीन लोगों को बोलेरो वाहन से कुचल दिया। मौके पर पिता- पुत्र की मौत हो गई।

Updated On 2025-09-23 15:26:00 IST

मीडिया से बात करते हुए मृतक के परिजन 

नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां पर एक बोलेरो वाहन ने तीन बाइक सवारों को कुचल दिया। इस दौरान मौके पर बड़े बेटे की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं मृतक का छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तीवरागुड़ी गांव का है। जहां पर मृतकों और आरोपियों के बीच मूंगफली खाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद बदला लेने के लिए आरोपियों ने पिता और उसके दो बेटों को कुचल दिया। वहीं मामले में पुलिस पर सहयोग न करने के भी आरोप लगे हैं।

क्या है पूरा मामला
सोमवार को आरोपियों और पीड़ितों के बीच में मूंगफली खाने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद यह पूरा मामला थाने तक पहुंच गया। इस बीचरात करीब साढ़े 11 बजे आरोपियों ने तेज रफ्तार बोलेरो से बाइक में सवार होकर थाने से घर जा रहे पिता और उसके दोनों बेटों को रौंद दिया। इस दौरान बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर रेफर किया गया था। जहां उन्होंने ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इलाज के दौरान पिता ने भी तोड़ा दम
वहीं छोटे बेटे को गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। वहीं परिजनों का आरोप है कि, घटना से पहले वह पुलिस के पास गए थे पर कुछ नहीं हुआ। जिसके बाद त्रिवेणी अपने बड़े बेटे राजा और छोटे बेटे करन के साथ रामानुजनगर थाने से घर जाने के लिए निकला था। रास्ते में आरोपी मौत बन कर इंतजार कर रहे थे।

रास्ते में घात लगाकर बैठे थे आरोपी
जैसे ही आरोपियों की नजर बाइक पर आ रहे त्रिवेणी और उसके बेटों पर पड़ी उन्होंने बाइक के पीछे अपनी बोलेरो वाहन तेज रफ्तार में दौड़ा दी। इस दौरान उन्होंने तीनों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दिया। बोलेरो की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, बाइक सवारों को कुचलने के बाद वह अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा और पलट गया। 

Tags:    

Similar News