डोंगरगढ़ पहुंचे कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक चरण सिंह: कार्यकर्ताओं से आगामी रणनीति को लेकर की चर्चा

राजनांदगांव जिले के कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक चरण सिंह डोंगरगढ़ प्रवास पर पहुंचे। उन्होंने जिला और ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं से रणनीति को लेकर चर्चा की।

Updated On 2025-10-10 11:38:00 IST

डोंगरगढ़ पहुंचे कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक चरण सिंह

राजा शर्मा- डोंगरगढ़। कांग्रेस पार्टी संगठन को और मजबूत आधार देने के लिए संगठन सृजन अभियान चला रही है। इसी क्रम में AICC ने राजनांदगांव जिले के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सापरा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जो पिछले चार दिनों से जिले के सघन प्रवास पर हैं। अपने प्रवास के दौरान सापरा लगातार जिला और ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से मुलाकात कर संगठन को सशक्त बनाने के लिए संवाद और विचार-विमर्श कर रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने डोंगरगढ़ पहुंचे जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी देवी के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं संगठन की मजबूती की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने छीरपानी प्रांगण में कार्यकर्ताओं की बैठक ली, जिसमें संगठन सृजन अभियान को गति देने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिले में कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत है- चरण सिंह
मीडिया से बातचीत में चरण सिंह सापरा ने कहा कि, राजनांदगांव जिला कांग्रेस की दृष्टि से एक सशक्त और ऊर्जावान जिला है। यहाँ के कार्यकर्ता समर्पण और निष्ठा के साथ संगठन को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि, जिले में कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत है और यहाँ के लोग सभी धर्मों और समाजों से मिलजुलकर कांग्रेस की विचारधारा को समर्थन देते हैं। यह धरती सर्व धर्म समभाव की मिसाल है, जहाँ नफरत, द्वेष और ध्रुवीकरण की राजनीति की कोई जगह नहीं है।

पर्यवेक्षकों को दिल्ली वापस बुलाए जाने की खबरें निराधार
मीडिया में चल रही उस चर्चा पर भी उन्होंने स्पष्ट कहा कि AICC पर्यवेक्षकों को दिल्ली वापस बुलाए जाने की खबरें पूरी तरह भ्रमित करने वाली और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि, वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही जिले का दौरा कर रहे हैं और यह अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। इस अवसर पर डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष नवाज खान, जिला और ब्लॉक स्तरीय कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News