चोर से तेज निकली बिलासपुर पुलिस: पेट्रोलिंग पार्टी को देखकर भाग रहे चोर को कैसे दौड़ाकर पकड़ा, देखिए CCTV फुटेज

बिलासपुर में एक चोर पैदल पेट्रोलिंग कर रहे जवानों को देखते ही वह भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाना शुरू कर दिया और पकड़ किया।

Updated On 2025-12-10 14:35:00 IST

पुलिस की गिरफ्त में चोर 

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर चोर को पकड़ा है। चोर एक शिक्षिका के घर से चोरी करके आ रहा था। तभी पैदल पेट्रोलिंग कर रहे जवानों को देखते ही वह भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाना शुरू कर दिया और पकड़ किया। चोर के जैकेट से नगद और सोने- चांदी के जेवर बरामद किया गया है। चोर को दौड़ाकर पकड़ने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी में चोर के पीछे पुलिस भागती दिख रही है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर की रात करीब 1 बजे मंगला चौक में आरक्षक सोनू पाल और आशीष राठौर पैदल गश्त पर थे। टीआई एसआर साहू ने उन्हें शांति नगर तक फूट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए थे। दोनों जैसे ही शांति नगर की ओर बढ़े, सामने से एक युवक जैकेट पहने उनकी तरफ आता दिखा। जवानों को देखते ही युवक अचानक मुड़ा और तेज़ी से भागने लगा। उसकी हरकतों से दोनों जवानों को अंदेशा हो गया कि कुछ गड़बड़ है। युवक तेजी से गलियों की तरफ भाग रहा था। जिसके बाद जवानों ने दौड़ाकर आरोपी को धुरीपारा इलाके में घेराबंदी कर पकड़ लिया। 

जेब से सोने- चांदी के जेवर और कैश बरामद
पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजय ध्रुव बताया। तलाशी लेने पर जवानों को उसके जेब से सोने- चांदी के जेवर और कैश समेत 1.25 लाख रुपए की चोरी का माल था। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया। उसने बताया कि वह देवेंद्र नगर में एक सूने मकान से चोरी करके वापस लौट रहा था। जवानों ने उसे मौके पर ले जाकर घर दिखाने को कहा। आरोपी ने जिस मकान को निशाना बनाया था, वह शिक्षक चंद्रभान सिंह ठाकुर का था। मकान बंद होने का लाभ उठाकर वह अंदर घुसा और कीमती सामान चोरी करके भाग निकला था। पुलिस ने शिक्षक से संपर्क कर चोरी किए गए सामान का मिलान कराया, जो पूरी तरह से सही पाया गया।

एसएसपी ने जवानों को दी शाबाशी
एसएसपी रजनेश सिंह ने ठंड की रात में भी सतर्कता दिखाने वाले दोनों जवानों की सराहना करते हुए कहा कि, त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ी चोरी का पर्दाफाश हुआ और आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Tags:    

Similar News