विधायक रिकेश को मिली बड़ी जिम्मेदारी: बिहार चुनाव में दोनों चरण के लिए बनाए गए प्रवासी प्रभारी
बिहार चुनाव में NDA प्रत्याशियों के प्रचार के लिए भाजपा ने प्रभारियों की घोषणा कर दी है। जिनमें वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन को प्रवासी प्रभारी बनाया गया है।
बिहार चुनाव में विधायक रिकेश सेन को बनाया गया प्रवासी प्रभारी
भिलाई। आगामी बिहार चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के प्रचार- प्रसार में छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी से तीन विधायक, एक सांसद और दो मंत्रियों को आज जिम्मेदारी दी गई है। संगठन से मिली इस अहम जिम्मेदारी के लिए सूचीबद्ध विधायकों में वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन भी शामिल हैं। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को बिहार के लिए प्रवासी प्रभारी बनाया है।
उनके आलावा विधायक भावना बोहरा, लखनलाल देवांगन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री राजेश अग्रवाल और गजेंद्र यादव शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी से प्रवासी प्रभारी के रूप में ये सभी नेता बिहार में दोनों चरण के मतदान में भाजपा प्रत्याशियों के लिए क्षेत्र में प्रचार प्रसार और जीत की रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भिलाई नगर निगम को बड़ी सौगात
वहीं दो दिन पहले भिलाई नगर निगम के लिए प्रस्तावित वाहन और मशीनरी के लिए 9.52 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी। जिस पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने हर्ष जताया था। सेन ने कहा था कि, मिलियन प्लस सिटी अंतर्गत यह स्वीकृति भिलाई निगम के सभी वार्डों में सफाई सहित अन्य विकास कार्यों के लिए काफी कारगर होगी।
9 करोड़ 52 लाख रुपये की मिली स्वीकृति
सेन ने बताया था कि, 2 ट्रक माउंटेड सक्शन कम जेटिंग मशीन (5 हजार लीटर), 4 ट्रक माउंटेड सक्शन कम जेटिंग मशीन (3 हजार लीटर), 4 बेकहो लोडर, 17 ई रिक्शा, 15 मिनी ट्रिपर, 4 डंपर के लिए 9 करोड़ 52 लाख रूपये की स्वीकृति आदेश 6 अक्टूबर को नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय से जारी कर दिया गया था।