प्राथमिक स्कूल में FLN मेला: बच्चों की प्रतिभा और सीखने की कला को मिला नया आयाम

बेमेतरा जिले के साल्हेपुर शासकीय प्राथमिक स्कूल में आयोजित FLN मेले में बच्चों ने भाषा व गणित आधारित रचनात्मक गतिविधियां प्रदर्शित कीं।

Updated On 2025-11-15 15:09:00 IST

अपनी प्रतिभा दिखते हुए बच्चे 

बेमेतरा। बेमेतरा जिले के विकासखंड बेरला अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला साल्हेपुर में FLN (फॉउण्डेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी मेला) मेला उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ। मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों में भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को रोचक तरीकों से विकसित करना तथा समुदाय को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ना था।

इस मेले में विद्यालय के बच्चों ने FLN आधारित विभिन्न शिक्षण स्टॉल लगाया। जिनमें अक्षर पहचान, शब्द निर्माण, वर्णमाला खेल, कहानी और पठन-पाठन कोना, गणना खेल, जोड़-घटाव गतिविधियां, पहेली स्थल, विषय-आधारित रचनात्मक मॉडल प्रदर्शित किए गए। बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और विषयानुसार तैयारी को उपस्थित जनसमूह ने सराहा।


भाषा खेल, गणितीय पजल जैसे खेलों का हुआ आयोजन
इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजित शिक्षाप्रद खेल एवं गतिविधियां रहीं। इनमें भाषा खेल, गणितीय पजल, रस्सीकूद, त्वरित गणना खेल, बोलो-उत्तर पाओ जैसे मनोरंजक और ज्ञानवर्धक खेल शामिल थे। महिलाओं ने उत्साह से भाग लेकर कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया।

इनके मार्गदर्शन में संपन्न हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर SMC सदस्य, पालकगण, ग्रामीणजन एवं समुदाय के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों को देखा, सराहा और विद्यालय द्वारा FLN कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन की प्रशंसा की। FLN मेले का आयोजन शाला के प्रधान पाठक अंबालिका पटेल और शिक्षक डांगेंद्र निषाद के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत संबंध स्थापित
दोनों शिक्षकों ने मिलकर बच्चों को नवीन गतिविधियों के लिए प्रेरित किया और समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। FLN मेला बच्चों की सीखने की संस्कृति को समृद्ध करने के साथ-साथ विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Tags:    

Similar News