स्कूल में सामाजिक अंकेषण: बच्चों से अंग्रेजी-हिन्दी-गणित के पूछे गए सवाल, परखी गई उनकी समझ
बेमेतरा के बेलगांव स्कूल में सामाजिक अंकेषण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों की हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण विषयों में समझ का परीक्षण किया गया।
अंकेषण में उत्साहपूर्वक भाग लेते बच्चे
बेमेतरा। शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बेलगांव, विकासखंड साजा में सामाजिक अंकेषण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाह्य मूल्यांकन दल ने बच्चों की शैक्षणिक स्थिति का आकलन किया। प्राथमिक स्तर पर अर्जुन वर्मा और माध्यमिक स्तर पर राकेश कुमार पांडेय ने बच्चों की हिंदी, गणित, अंग्रेजी और पर्यावरण विषयों में समझ और कौशल का परीक्षण किया।
कक्षा अनुसार मूल्यांकन हुआ
हिंदी में संज्ञा, क्रिया, वर्णमाला और अनुच्छेद पढ़कर उत्तर देना।
गणित में संख्या पहचान, जोड़-घटाव, गुणा, माप-तौल और आकृतियों की पहचान।
अंग्रेजी में वर्णमाला, शब्दों के अर्थ, वाक्य बनाना और चित्र देखकर शब्द पहचानना।
पर्यावरण में आसपास का वातावरण, पशु-पक्षी, पौधे, स्वच्छता और जल संरक्षण।
माध्यमिक स्तर पर राकेश कुमार पांडेय ने बच्चों की गणितीय तर्क क्षमता, भाषा ज्ञान और सामान्य विज्ञान पर आधारित प्रश्न पूछे।
पढ़ाई में निरंतरता ही है सफलता की कुंजी
अंकेषण के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सीख को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया। जिसे देखते हुए शिक्षक दल ने कहा 'पढ़ाई में निरंतरता और रुचि बनाए रखना ही सफलता की कुंजी है।' अंकेषण का मुख्य उद्देश्य था बच्चों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति जानना और शिक्षण स्तर में सुधार के उपाय खोजना।
कमजोर विद्यार्थियों पर व्यक्तिगत ध्यान देने का सुझाव
कार्यक्रम में शिक्षक दीप कुमार वर्मा, राजेश कुमार सोनी, त्रिलोक पटेल, गीता वर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीलम साहू, और सदस्य भुनेश्वरी यादव, संजू यादव, पेशी राम मंडावी उपस्थित रहे। शिक्षक दल ने सुझाव दिया कि कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग और व्यक्तिगत ध्यान दिया जाए।
आभार प्रदर्शन कर समापन
कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का आभार प्रदर्शन कर किया गया। सभी ने मिलकर इस सामाजिक अंकेषण को सफल बनाने में योगदान दिया।