बालोद में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी: 6 महिलाएं घायल, बाल-बाल बचे सभी 11 सवार
बालोद थाना क्षेत्र के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में छह महिलाएं घायल हुईं, जबकि राहत की बात यह रही कि सभी सवारों की जान बच गई।
दुर्घटनाग्रस्त कार
राहुल भूतड़ा - बालोद। जिले के पाकुरभाट गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। वाहन में सवार 11 लोग कार्यक्रम से लौट रहे थे, जिनमें से 6 महिलाएं घायल हुईं, सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छट्ठी कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, स्कार्पियो में सवार सभी 11 लोग एक छट्ठी कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। बालोद थाना क्षेत्र के पाकुरभाट गांव के पास तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
ड्राइवर की लापरवाही बताई जा रही वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ड्राइवर की लापरवाही के चलते वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। हादसे में छह महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी सवारों को हल्की चोटें आईं।
घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई, जिससे परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।