अपहरण कर पति- पत्नी से लूट: झाड़- फूंक के बहाने 10 हजार लूटे, तीन आरोपी गिरफ्तार, बाइक और कैश भी जब्त
अंबिकापुर पुलिस ने लूटपाट और अपहरण करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से सभी के पास से कैश और बाइक जब्त किया गया।
पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी
संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की अंबिकापुर पुलिस ने लूटपाट और अपहरण मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक और कैश भी जब्त किया है। आरोपियों ने पति- पत्नी को झांसा देकर कैश लूट लिए थे। साथ ही महिला का अपहरण कर फिरौती की मांग की थी।
पुलिस के अनुसार, पूरा मामला थाना उदयपुर क्षेत्र के मूडगांव का है। जहां के रहवासी हीरा सिंह ने 8 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि, सुखसाय पंडा उसे और उसकी पत्नी को झाड़- फूंक के नाम पर लुचकी घाट ले गया। वहां सुखसाय पंडा और उसके साथियों ने उससे 10 हजार लूट लिए।इसके बाद आरोपियों ने हीरा सिंह के पास कॉल कर फिरौती की मांग की।
अपहरण कर फिरौती की मांग
आरोपियों ने कथित अपहरण के बदले 50 हजार की फिरौती की मांग की थी। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान ही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान सुखसाय गिरी (40), शेरा गिरी (20) और विनय गिरी (28) के रूप में हुई।
न्यायिक रिमांड में भेजे गए अपराधी
सभी आरोपी बतौली थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस ने सभी से कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया। जिसके बाद अब पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।